72 घंटे पुरानी कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव होने पर भी रहना होगा क्वारंटाइन, किए गए ये बदलाव
Himachal Coronavirus News 72 घंटे पुरानी कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव होने पर भी 14 दिन रहना होगा होम क्वारंटाइन किए गए ये बदलाव
शिमला, जेएनएन। कोरोना जांच की 72 घंटे पहले की रिपोर्ट लेकर अन्य राज्यों से हिमाचल वापसी करने पर चौदह दिन के होम क्वारंटाइन में रहना होगा। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए व्यवस्था की गई है कि बाहरी राज्यों से आने वालों को संस्थागत क्वारंटाइन या होम कवारंटाइन में रहना होगा। देश के बीस स्थानों को हैवीलोड वाले स्थानों की सूची में शामिल किया गया है। इन स्थानों पर कोरोना के सबसे अधिक मामले हैं। इन स्थानों से आने वालों के लिए संस्थागत क्वारंटाइन के निर्देश दिए गए हैं।
इनके अलावा अन्य स्थानों व राज्यों से आने वालों को चाहे कोरोना टेस्ट करवाया हो या नहीं। 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन में रहना होगा। इसका प्रमुख कारण है कि अन्य राज्यों से लौटने या कोरोना पॉजेटिव के संपर्क में आने वालों में कोरोना संक्रमण या लक्षण चौदह दिनों में देखने को मिल रहे हैं। इसलिए यह व्यवस्था की गई है।
बाहर से आने वालों के स्वास्थ्य पर नजर
अन्य राज्यों से प्रदेश में आने वालों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए आशा वर्करों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई है।
होम क्वारंटाइन की व्यवस्था
अन्य राज्यों से आने वालों के लिए 14 दिन होम क्वारंटाइन की व्यवस्था है। इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। -आरडी धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव।