खोबड़ा गांव में दस लोग एक साथ पाए गए कोरोना पॉजिटिव, आनी बाजार बंद, संपर्क खंगालने में जुटा प्रशासन
Himachal Coronavirus News उपमंडल मुख्यालय आनी के साथ लगती कराणा पंचायत के खोबड़ा में 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
आनी (कुल्लू), जेएनएन। उपमंडल मुख्यालय आनी के साथ लगती कराणा पंचायत के खोबड़ा में 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। खोबड़ा गांव को कंटेनमेंट जोन बनाकर यहां लोगों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई है। आनी कस्बे को बफर जोन बनाकर फिलहाल बाजार बंद कर दिया गया है। एसडीएम आनी चेत सिंह ने बताया इससे पूर्व खोबड़ा निवासी पिता-पुत्र और बहू समेत कुल 3 व्यक्ति आइजीएमसी शिमला में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उनके प्राथमिक संपर्क में आए 20 लोगों के शनिवार को कोविड-19 के सैंपल लिए गए थे, जिनकी रिपोर्ट रविवार देर रात आई। इनमें 10 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि 7 नेगेटिव और 3 की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
खंड चिकित्सा अधिकारी आनी ज्ञान ठाकुर ने कहा खोबड़ा में पॉजिटिव आए लोगों को होम क्वारंटाइन के निर्देश दिए गए हैं, जबकि उनके संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
खोबड़ा गांव आनी के साथ सटा है। जिस कारण गांव के लोगों का आनी कस्बे में खरीदारी करने और काम के सिलसिले में आना-जाना आम बात है। बताया जा रहा है कोरोना पॉजिटिव आए लोगों का कई अन्य लोगों से भी संपर्क हुआ है। जिस कारण कोरोना पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट लंबी जाने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में आनी कस्बे में लोगों में चिंता की लकीरें साफ देखी जा रही हैं। एसडीएम आनी चेत सिंह ने कहा कि आनी कस्बे को बंद करने पर कुछ समय बाद निर्णय लिया जाएगा। आज लोगों के ज्यादा से ज्यादा सैंपल लिए जाएंगे।