हिमाचल प्रदेश में पंचायत व नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस भारी बहुमत से जीतेगी : धर्मेद्र शर्मा
जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता धर्मेंद्र शर्मा बंटू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत व नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से जीतेगी। पंचायतों व नगर निकाय चुनावों के लिए भाजपा ने अपने हिसाब से रोस्टर लागू करवाया है।
ज्वालामुखी, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता धर्मेंद्र शर्मा बंटू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत व नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से जीतेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में पंचायतों व नगर निकाय चुनावों के लिए रोस्टर जारी करने के लिए भाजपा के नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों पर कथित पूरा दबाव बनाया और अपने हिसाब से रोस्टर लागू करवाया है। इसके बावजूद कांग्रेसी इस चुनौती को स्वीकार करती है और कांग्रेस पूरे दमखम के साथ इन चुनावों में उतरेगी और भाजपा को करारी शिकस्त देकर आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनौती देगी।
भाजपा ने 3 किसान विरोधी कानून लागू करके लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन किया है आज देश के किसानों को संघर्ष करते हुए 23 दिन हो गए हैं, परंतु भाजपा के नेता अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। यदि वह किसानों के हितैषी होते तो इन जन विरोधी कानूनों को वापस लेकर कड़कती ठंड में किसानों को तड़पने के लिए विवश न करते। कांग्रेसी सही मायनों में किसानों मजदूरों दलितों समाज के निम्न वर्गों की हितैषी है भाजपा केवल मात्र बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों की मददगार है उन्होंने कहा की देश में अब लोग भाजपा की नीति और नियत को जानने लग पड़े हैं।
हिमाचल प्रदेश में भी किसानों ने इन तीनों कृषि कानूनों का विरोध किया है उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है अफसरशाही हावी हो गई है घोटालों पर घोटाले हो रहे हैं सरकार नित नए फैसले ले रही हैं और अगले दिन वापस ले रही हैं सरकार के पास तजुर्बे की कमी है यही कारण है कि आज प्रदेश की जनता अपने आप को ठगी हुई महसूस कर रही है आने वाला समय कांग्रेस का है कांग्रेस भारी बहुमत के साथ पंचायत में नगर निकाय चुनावों का सेमीफाइनल जीतेगी उसके बाद हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव का फाइनल जीतकर प्रदेश में मजबूत टिकाऊ सरकार बनाएगी।