जनमंच में मंत्रियों के आचरण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, आरोप- लोकप्रियता खो चुकी है सरकार
Congress Target Himachal Govt प्रदेश की सरकार अफसरशाही के हाथों की कठपुतली बन कर रह गई है। सरकार के मंत्रियों के आदेशों को दरकिनार करके बाबूगिरी ही प्रदेश की सत्ता का रिमोट संभाले हुए हैं। सरकार की अनुभवहीनता के कारण चार वर्षों में प्रदेश आर्थिक तंगी से गुजर रहा है।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। Congress Target Himachal Govt, प्रदेश की सरकार अफसरशाही के हाथों की कठपुतली बन कर रह गई है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों के आदेशों को दरकिनार करके 'बाबूगिरी' ही प्रदेश की सत्ता का रिमोट संभाले हुए हैं। वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली में अनुभवहीनता होने के कारण पिछले चार वर्षों में प्रदेश आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। करोड़ों रुपये का कर्ज वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में लेकर प्रदेश की जनता को आर्थिक बोझ तले दबा दिया है। आर्थिक रीढ़ की हड्डी टूटने के कारण प्रदेश की स्थिति चिंताजनक बन गई है। कांग्रेस ने सरकार को आड़े हाथों लिया है।
जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सपन सूद कहा बढ़ रहे आर्थिक बोझ को कम करने के लिए प्रदेश सरकार आंखें मूंद बैठी है। उन्होंने कहा प्रदेश की वर्तमान आर्थिक स्थिति को मद्देनज़र रखकर मुख्यमंत्री व मंत्रियों को प्रदेशहित में अपने खर्चों को अंकुश लगाने पर विचार करना चाहिए।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा जनमंचों के आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च करके नतीजा ढाक के तीन पात हो रहा है, इस करण प्रदेश सरकार धन की बर्बादी कर रही है। उन्होंने कहा राजधर्म का पालन करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री अपने कार्यालय से ही लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकते है। सपन सूद ने कहा की जनमंच पर मंत्रियों का आम जनता के प्रति अभद्रता का आचरण भी अशोभनीय है। कारण बताते हुए उन्होंने कहा जनमंचों के माध्यम से जब आमजन वर्ग सरकार की तरफ से मिलने वाली सरकारी योजनाओं में उपेक्षित वर्ग की आवाज उठाता है तो नाकाम सरकार के मंत्री राजनीतिक प्रतिष्ठा बनाकर आम जन से ही उलझ रहे हैं।
उन्होंने कहा प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा वर्तमान सरकार प्रदेश की जनता में अपनी राजनीतिक लोकप्रियता खो चुकी है।