रिपन अस्पताल में कोरोना मरीज की मौत पर कांग्रेस ने किया चक्का जाम, प्रदर्शन में दिखी गुटबाजी
Congress Protest रिपन अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव महिला के आत्महत्या करने का मामला तूल पकड़ गया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर शिमला ओल्ड बस अड्डे पर चक्का जाम किया। इस कारण मार्ग पर करीब 15 मिनट वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गुटबाजी एक बार फिर सामने आई। राजधानी शिमला के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल (रिपन अस्पताल) में महिला के आत्महत्या मामले को लेकर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस शिमला शहरी कमेटी ने पार्टी कार्यालय से लेकर रिपन अस्पताल तक रैली निकाली और चक्का जाम किया। दोपहर 12:30 बजे यह चक्का जाम किया गया। इससे पहले 11:30 बजे से 12:20 बजे तक पूर्व उप महापौर और कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़े हरीष जनार्था ने अपने समर्थकों के साथ अस्पताल गेट के बाहर धरना प्रदर्शन किया। शिमला शहरी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चक्का जाम के कारण करीब 20 मिनट तक लंबा जाम लगा रहा। कांग्रेस पार्टी ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल के इस्तीफे की मांग कर मामले में दोषी सभी डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर कार्रवाई की मांग उठाई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजुओं में काली पट्टी बांध कर धरना प्रदर्शन किया और पूरे प्रकरण के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
शिमला शहरी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से महिला को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच में ढुलमुल रवैया अपनाते हुए दोषियों को बचाने की कोशिश की गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जब मरीज सुरक्षित नहीं है तो लोग कहां जाएंगे।