भाेरंज में आंत्रशोथ फैलने पर कांग्रेस ने साधा मंत्री पर निशाना, अधिकारियों पर एफआइआर दर्ज करने की मांग
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा ने जल शक्ति मंत्री पर निशाना साधा है।
भाेरंज, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा ने जल शक्ति मंत्री पर निशाना साधा है। जिला हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लुद्दर महादेव इलाके में फैले आंत्रशोथ के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ज़िम्मेदार है, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए और विभाग के मंत्री महेंद्र सिंह को पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा पानी वाला महकमा भ्र्ष्टाचार का अड्डा बन चुका है। पीने के पानी के स्रोतों की सफाई के नाम पर करोड़ों खर्च किए जाते हैं, जबकि हक़ीक़त में टैंकों की सफाई नहीं होती, मात्र बिल बनाए जाते हैं और जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा इस विभाग की स्वतंत्र एजेंसी से जांच होनी चाहिए, ताकि सारे घपले बाहर आ सकें। दीपक शर्मा ने कहा भोरंज क्षेत्र में पांच सौ के करीब लोग बीमार पड़े हैं। लेकिन मंत्री महोदय न जाने कहां बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि अफसोस की बात है कि संबंधित विधायक कड़ा संज्ञान लेने की जगह विभाग का बचाव कर रही हैं। ये दुर्भाग्यपूर्ण है। दीपक शर्मा ने कहा अभी गर्मियां आरम्भ भी नहीं हुई और जलजनित रोगों से जनता पीड़ित होनी शुरू हो चुकी है। उन्होनें कहा कि सभी पेयजल टैंकों की सफाई की जानी चाहिए। लेकिन ये सिर्फ कागज़ों में खानापूर्ति न हो कर व्यवहारिक रूप में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस विभाग में पाइपों की खरीद से लेकर टैंकों की सफाई करने तक में भारी गोलमाल की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता अतः इन मामलों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।