कांग्रेस ने नेताओं को सौंपी मेयर बनाने की जिम्मेवारी, धर्मशाला में मुकेश और पालमपुर में आशा को जिम्मा
Himachal Nagar Nigam Mayor Chunav नगर निगम चुनाव के बाद अब महापौर और उप महापौर बनाने के लिए जोड़तोड़ शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। मुकेश अग्निहोत्री को धर्मशाला में महापौर व उप महापौर बनाने के लिए विशेष प्रतिनिधि बनाया है
शिमला, जेएनएन। Himachal Nagar Nigam Mayor Chunav, नगर निगम चुनाव के बाद अब महापौर और उप महापौर बनाने के लिए जोड़तोड़ शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को धर्मशाला नगर निगम में महापौर व उप महापौर बनाने के लिए विशेष प्रतिनिधि बनाया है, जबकि आशा कुमारी को पालमपुर नगर निगम के महापौर और उप महापौर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पालमपुर में तो कांग्रेस का महापौर बनना तय है, लेकिन धर्मशाला में कांग्रेस को बहुमत नहीं मिला है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की ओर से इस संबंध में पत्र जारी किया है।
पार्टी के प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा को सोलन और धर्मशाला में महापौर और उप महापौर बनाने के लिए समन्वयक बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने बीते रोज ही मौजूदा पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए थे कि वे उपयुक्त उम्मीदवार का चयन कर हाईकमान के पास सिफारिश करेंगे। जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी से चर्चा के अलावा स्थानीय नेताओं से भी विचार विमर्श करेंगे, लेकिन अब इसमें कुछ बदलाव किया गया है। सोलन और पालमपुर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस बहुमत से जीतकर आई है। धर्मशाला नगर निगम में कांग्रेस को संभावनाएं तलाशनी पड़ेंगी।