मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का एेलान, शहीदों के स्वजनों को हिमाचल में टोल टैक्स में मिलेगी छूट
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि शहीदों को सम्मान के रूप में उनके स्वजनों को हिमाचल में प्रवेश करने पर टोल टैक्स में छूट दी जाएगी।
शिमला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि शहीदों को सम्मान के रूप में उनके परिजनों को हिमाचल में प्रवेश करने पर टोल टैक्स में छूट दी जाएगी। वह रविवार को जालंधर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन आतंकवाद के दानव से कम खतरनाक नहीं है। उन्होंने लोगों से समाज में व्याप्त इस बुराई को समाप्त करने के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है, जिनके सहयोग से इसे सफल बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम और करिश्माई नेतृत्व में हमारा देश आज प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ रहा है। पिछले कुछ साल के दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। जिसमें अनुच्छेद 370 और 35 ए, तीन तलाक को समाप्त करना शामिल है। केंद्र सरकार की इच्छाशक्ति के कारण पाकिस्तान ने करतारपुर कॉरिडोर को खोला है। हिमाचल प्रदेश में हर तीसरे घर से फौजी है, ऐसे में सरकार का यह फैसला काफी सम्मान जनक है।