धर्मशाला में बोले मुख्यमंत्री कांग्रेस के पास प्रत्याशी ही नहीं बचे कांगड़ा में करेंगे बड़ा स्वर्ण जयंती कार्यक्रम
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का एक दिवसीय कांगड़ा दौरा पूरी तरह कांगड़ा जिला परिषद के लिए अध्यक्ष् और उपाध्यक्ष के कल होने वाले चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित रहा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कांगड़ा में भाजपा ही काबिज होगी।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता।
कांगड़ा जिला परिषद के चुनाव से एक दिन पूर्व धर्मशाला के दौरे पर पहुंचे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भरोसा है कि बहुमत के आधार पर कांगड़ा जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी ही परचम लहराएगी। दिन भर पार्टी कार्यकताओं और जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ बैठक के बाद उनका कहना था कि हमीरपुर और मंडी में कांग्रेस के पास प्रत्याशी ही नहीं बचे हैं। बकौल मुख्यमंत्री इससे कांग्रेस की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल भर चलने कार्यक्रमों में से कांगड़ा में किया जाएगा। जिसमें स्थानीय निकाय के सभी नवनिर्वाचित सदस्य शामिल होंगे। अधिकारियों के साथ तय किया है कि यह एक बड़ा कार्यक्रम होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगभग 12 बजे धर्मशाला पहुंचे। पुलिस मैदान में उनका स्वागत वन मंत्री राकेश पठानिया, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी सहित विधायक अर्जुन ठाकुर, रीता धीमान सहित नव निर्वाचित जिला पार्षदों ने किया। पुलिस मैदान से मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में आए। यहां संगठन के पदाधिकारियों सहित जिला के मंत्रियों से मंत्रणा की। लगभग एक घंटे तक बैठक में कांगड़ा में जिला परिषद के गठन को लेकर चर्चा भी हुई। ग्रामीण संसद के चुनावों के इलावा जिला कांगड़ा में विकासात्मक कार्याें को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में इस बात को लेकर खुशी भी जाहिर की गई कि जिला कांगड़ा में ग्रामीण संसद के चुनावों में भाजपा आगे है और जीत के इसी क्रम को जिला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों सहित बीडीसी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा के ही लोग काबिज हों इसे लेकर भी चर्चा हुई। संगठन की मजबूती की बात भी मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में हुई।
दूसरी बैठक शीला चौक के पास एक होटल में हुई। यहां पर जिला के मंत्रियों के इलावा नव नवनिर्वाचित जिला पार्षद भी माैजूद थे। बैठक पूरी तरह इस बात पर केंद्रित रही कि भाजपा जिला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर काबिज हो। बैठक में भाजपा समर्थित पार्षदों के अलावा कुछ आजाद भी मौजूद रहे।