मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लांच किया शिक्षा बोर्ड का कुलगीत, शिक्षक सदन की भी रखी आधारशिला
HP Education Board हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों के लिए कुलगीत तैयार किया है। इसके अलावा पांच विभिन्न प्रार्थनाएं भी तैयार की हैं। कुलगीत व प्रार्थनाओं को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज दाेपहर बाद वर्चुअली रिलीज किया।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान अब कुलगीत भी गाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों के लिए कुलगीत तैयार किया है। इसके अलावा पांच विभिन्न प्रार्थनाएं भी तैयार की हैं। कुलगीत व प्रार्थनाओं को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज दाेपहर बाद वर्चुअली रिलीज किया। इसके अलावा स्कूल शिक्षा बोर्ड के शिक्षक सदन की आधारिशला भी रखी।
शिक्षा बोर्ड का शिक्षक सदन चार करोड़ 90 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जाएगा। इस शिक्षक सदन में अात्याधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। बोर्ड कार्यालय में बैठकों के लिए आने वाले शिक्षकों को इस सदन में उचित दामों पर ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके लिए बोर्ड सरकार ने आदेशों एवं नियमों के अनुसार प्रतिदिन के हिसाब से मूल्य तय करेगा।
इस भवन में लाइब्रेरी की भी व्यवस्था की जाएगी। जिसमें सभी प्रकार की पुस्तकों का संग्रहण किया जाएगा। इसके अलावा सीएम जयराम ठाकुर ने बोर्ड के कर्मचारियों के लिए बनाई गई आवासीय कालोनी का भी उद्घाटन किया। ये टाइप-चार स्तर की आवासीय कालोनी करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है।
उधर बोर्ड अध्यक्ष डा. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि रिलीजिंग के बाद प्रदेश के स्कूलों को कुलगीत व पांच प्रार्थनाएं दी जाएंगी। स्कूलों को प्रार्थना सभा के दौरान कुलगीत गाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा सभी प्रार्थनाओं के से स्कूल किसी भी प्रार्थना को चुन सकते हैं।