मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज से कांगड़ा के शीतकालीन प्रवास पर, जानिए पूरा कार्यक्रम
CM on Kangra Tour मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज से कांगड़ा जिला में शीतकालीन प्रवास पर रहेंगे।
धर्मशाला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज से कांगड़ा जिला में शीतकालीन प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह जनसमस्याओं को सुनने के अलावा करोड़ों रुपये की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। शीतकालीन प्रवास का शेड्यूल 14 फरवरी तक जारी किया गया है। बाकी शेड्यूल बाद में जारी होगा।
मुख्यमंत्री आज यानी बुधवार को सुबह 9.20 बजे शिमला के अनाडेल से चौपर से रवाना होंगे। वह सुबह दस बजे चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर पहुंचेंगे। वह बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में कई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। बैजनाथ में जनसभा को संबोधित करने के बाद वह आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला में जैरेयाट्रिक केयर सेंटर का शुभारंभ करेंगे।
वह रात को धर्मशाला के सर्किट हाउस में रुकेंगे। शीतकालीन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री बहुतकनीकी संस्थान कांगड़ा के नए प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करने के अलावा मिनी सचिवालय इंदौरा की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री 13 व 14 फरवरी को भी कई योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे।
पूर्व की सरकारें सात से दस दिन तक भी कांगड़ा जिला के प्रवास पर रहती आई हैं। लेकिन जयराम सरकार ने इस बार फिलहाल तीन दिन का शेड्यूल तय किया है। दरअसल जिला कांगड़ा का हिमाचल की राजनीति में अहम स्थान है। कोई भी सरकार इसी कारण इस जिला को खास तरजीह देती है। इस कारण जिला से सबसे ज्यादा विधायक होना है। जिला कांगड़ा से 15 विधायक चुने जाते हैं। इस कारण हर सरकार को कांगड़ा पर फोक्स रखती है।
माना जाता है कांगड़ा में बेहतर प्रदर्शन होने पर सरकार बनाना आसान हो जाता है। ऐसा होता भी रहा है जिस पार्टी के ज्यादा विधायक इस जिला से चुनकर जाते हैं आमूमन वही पार्टी प्रदेश की सत्ता पर काबिज होती है। शिमला की दूरी ढाई सौ किलोमीटर से ज्यादा होने के कारण सरकार जनता की समस्याएं निपटाने के लिए जिला कांगड़ा का प्रवास करती है। इसी परंपरा को निभाते हुए जयराम सरकार भी जिला कांगड़ा के प्रवास पर है।