सीएए को राजनीतिक रंग दे रहा विपक्ष, कर रहा भ्रामक प्रचार : जयराम ठाकुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) किसी भी तरह से देश के अल्पसंख्यक समुदायों के विरुद्ध नहीं है।
पालमपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) किसी भी तरह से देश के अल्पसंख्यक समुदायों के विरुद्ध नहीं है। बल्कि तीन पड़ोसी देशों में धार्मिक प्रताडऩा झेल रहे अल्पसंख्यक समुदायों की सहायता के लिए है। यह बात उन्होंने रविवार को पालमपुर भाजपा मंडल की ओर से सीएए के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष इंदु गोस्वामी की अध्यक्षता में हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व विपक्ष के अन्य नेता सीएए को राजनीतिक रंग देकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। सीएए भारत में रह रहे अल्पसंख्यक समुदायों के विरुद्ध नहीं, क्योंकि वह पहले से भारत के नागरिक हैं। यह अधिनियम केवल पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदायों के शरणार्थियों के लिए है। जिन्होंने अत्याचारों के कारण अपना देश छोड़कर भारत में शरण ली है। इन देशों के शरणार्थियों को अधिनियम विशेष अधिकार प्रदान करता है।
हिमाचल के लोगों ने राज्य सरकार को लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत दिलाई थी और उसके बाद उपचुनाव में भी इसे कायम रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ने अपने वैभव को दोबारा हासिल किया है। यहां तक कि विश्व के सबसे शक्तिशाली देशों के नेताओं ने भी नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व का लोहा माना है। अनुच्छेद 370 का हटना दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम है।
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि विपक्ष सीएए पर भ्रामक प्रचार कर रहा है। ताकि वह अपना वोट बैंक बचा सके। केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस मौके पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक मुल्खराज प्रेमी, रङ्क्षवद्र धीमान, पूर्व विधायक दूलो राम, प्रवीन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु भट्ट मौजूद रहे।