मनाली सहित अटल टनल के छोर पर होगा क्रिसमस व न्यू ईयर का जश्न, यहां होंगे कार्यक्रम, देखिए तस्वीरें
Christmas In Manali कुल्लू मनाली और लाहुल की वादियां क्रिसमस व न्यू ईयर के जश्न के लिए तैयार हैं। इस बार पर्यटक अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल सहित सिस्सू में क्रिसमस पर्व का जश्न मनाएंगे। इस बार पर्यटकों को व्हाइट क्रिसमस मनाने का मौका मिलेगा।
मनाली, जसवंत ठाकुर। Christmas In Manali, कुल्लू मनाली और लाहुल की वादियां क्रिसमस व न्यू ईयर के जश्न के लिए तैयार हैं। इस बार पर्यटक अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल सहित सिस्सू में क्रिसमस पर्व का जश्न मनाएंगे। मौसम विभाग की माने तो इस बार पर्यटकों को व्हाइट क्रिसमस मनाने का मौका मिलेगा। पर्यटकों के क्रिसमस व नववर्ष को यादगार बनाने के लिए पर्यटन कारोबारियों ने डीजे व कुल्लवी नाटी की विशेष व्यवस्था की है। पर्यटक पहली बार शीत मरुस्थल लाहुल घाटी में बर्फ के बीच क्रिसमस नववर्ष का जश्न मनाएंगे।
अटल टनल सहित सोलंगनाला, अंजनी महादेव, फातरु, हामटा, कोठी, नग्गर, कुल्लू, मणिकर्ण, कसोल और जीभी में क्रिसमस व नववर्ष मनाएंगे। कुल्लू मनाली आने वाले पर्यटकों की अटल टनल पहली पसंद बन गई है। अटल टनल द्वारा पलक झपकते ही पर्यटकों के लिए दुनिया ही बदल रही है। 10 मिनट के भीतर पर्यटक शीत मरुस्थल लाहुल घाटी पहुंच रहे हैं। घाटी में चल रहा माइनस तापमान भी पर्यटकों को खूब भा रहा है।
सैलानियों के लिए बहाल अटल टनल
हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद सैलानियों के लिए बंद अटल टनल रोहतांग बहाल कर दी गई है। अटल टनल के साउथ व नार्थ पोर्टल में सैलानी बर्फ के बीच मस्ती कर सकेंगे। शीत मरुस्थल में पहुंचते ही पर्यटक खासे उत्साहित दिख रहे हैं। बर्फ के बीच घाटी की चंद्रा नदी सुंदरता को चार चांद लगा रही है। पर्यटक धुंधी, सोलांग के अंजनी महादेव में बर्फ के दीदार कर रहे हैं। इन पर्यटन स्थलों में पर्ययकों का मेला लगा हुआ है। पर्यटक बर्फ की खेलों का आनंद ले रहे हैं।
एडवांस में बुक हो गए हैं कुल्लू मनाली के अधिकतर होटल
कुल्लू मनाली के अधिकतर होटल एसवांस में बुक हो गए हैं। क्रिसमस व न्यू ईयर में बिना बुकिंग के मनाली आ रहे पर्यटकों को कमरों के लिए भटकना पड़ सकता है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया क्रिसमस और नववर्ष के जश्न के लिए पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। हिमाचल पर्यटन निगम मनाली के डीजीएम बलवीर ओकटा ने बताया कि टूरिज्म के सभी होटल पैक होने लगे हैं।
क्या कहता है प्रशासन
एसडीएम मनाली डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने कहा बर्फबारी से बंद हुई अटल टनल रोहतांग पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। रोहतांग दर्रे की ओर कोठी तक ही पर्यटक जा सकते हैं। बाकी सभी पर्यटन स्थल सैलानियों के लिए खुले हैं। सुबह के समय सड़क में पानी जम रहा है, जिससे वाहन फिसलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने सैलानियों व वाहन चालकों से आग्रह किया कि वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं।
पुलिस ने की पुख्ता व्यवस्था
एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया क्रिसमस व नववर्ष को लेकर पुलिस ने जिला के सभी पर्यटन स्थलों में विशेष तैयारी कर ली है। पर्यटकों को अटल टनल रोहतांग सहित सिस्सु, धुंधी, सोलंगनाला, फातरू, अंजनी महादेव कोठी, हामटा और नग्गर, मणिकर्ण, कुल्लू, कसोल, जीभी जैसे पर्यटन स्थल में घूमने की व्यवस्था की गई है। जगह जगह पुलिस जवान तैनात किए हैं। ट्रैफिक को सुचारू रखने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।