मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले, निजी आपरेटरों को टोकन टैक्स, एसआरटी व यात्री कर में 30 नवंबर 2021 तक छूट
कोरोना काल में आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवहन व्यवसाय से जुड़े निजी आपरेटरों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने टोकन टैक्स विशेष पथकर (एसआरटी) व यात्री कर में इस साल 30 नवंबर तक शतप्रतिशत छूट देने का एलान किया है।
मंडी, जागरण संवाददाता। कोरोना काल में आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवहन व्यवसाय से जुड़े निजी आपरेटरों को प्रदेश सरकार ने चार साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आपरेटरों के साथ मंडी के परिधि गृह में बैठक के बाद टोकन टैक्स, विशेष पथकर (एसआरटी) व यात्री कर में इस साल 30 नवंबर तक शतप्रतिशत छूट देने का एलान किया है। शुक्रवार को करीब 91.12 करोड़ रुपये की राहत मिलने से आपरेटरों के चेहरे पर रौनक लौट गई है। आपरेटरों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताई है।
सरकार पहली अप्रैल 2020 से 30 नवंबर 2021 तक आपरेटरों को 164 करोड़ की राहत प्रदान कर चुकी है। कोविड की पहली लहर के दौरान सरकार ने आपरेटरों को 62 करोड़ की आर्थिक सहायता दी थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में पत्रकारों से कहा कि कोरोना के कारण दो साल में सबसे अधिक नुकसान परिवहन क्षेत्र को हुआ है। लाकडाउन की वजह से परिवहन व्यवस्था बंद रही। मात्र आपात वाहन ही चले। सरकार ने हर सेक्टर को राहत देने का प्रयास किया है। आपरेटरों का कहना था था कि 50 फीसद क्षमता के कारण परिवहन क्षेत्र को नुकसान हुआ। आपरेटर 30 नवंबर तक टोकन टैक्स, यात्री कर व एसआरटी में राहत देने की मांग कर रहे थे। यात्री परिवहन से संबंधित आपरेटरों में निजी बसें, टैक्सी-मैक्सी, आटो, कांट्रेक्ट कैरिज बसें व शिक्षण संस्थानों की बसें शामिल हैं। कुल 52831 वाहन हैं। इससे पहले सरकार ने टोकन टैक्स में 24.84 करोड़ व विशेष पथकर में 37.16 करोड़ की राहत दी थी।
राजेश पराशर ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
निजी बस आपरेटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश पराशर ने टोकन टैक्स, एसआरटी व यात्री कर में 91.12 करोड़ की राहत देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है। वहीं, राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) के सदस्य राकेश आहलुवालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस घोषणा से परिवहन व्यवसाय से जुड़े आपरेटरों को बड़ी राहत मिलेगी।