जयराम बोले, किशन कपूर दिल्ली से और विशाल नैहरिया शिमला से करेंगे धर्मशाला का विकास
हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भागसू नाग व संगम पार्क में जनसभा को संबोधित किया।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भागसू नाग व संगम पार्क में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा पिछले विधानसभा चुनाव में सहयोग मिला, फिर लोकसभा में सहयोग मिला। अब फिर परीक्षा का दौर है, इसलिए विशाल नैहरिया को सहयोग देकर आशीर्वाद की हैट्रिक लगाएं। शिमला से बाद दूसरा महत्वपूर्ण स्थान है, हर दृष्टि से। धर्मशाला महत्वपूर्ण है, इसलिए सरकार के साल का जश्न यही मनाया हमने। ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के बहाने साल में दूसरी बार नरेंद्र मोदी धर्मशाला आ रहे हैं। कुछ लोग जनता को उनके साथ चलने को कह रहे हैं पर उनके साथ चलें तो चलें कहां तक, न तो वो प्रदेश में हैं और न ही दिल्ली में, तो क्यों चले।
किशन कपूर दिल्ली से और शिमला से विशाल धर्मशाला आपके लिए सब कुछ लाएंगे। अनुच्छेद 370 हटने से गर्व महसूस होता है। एक दिन का समय रहा है, विशाल को भेजो शिमला, धर्मशाला के विकास को गति मिलेगी।
इससे पूर्व सांसद किशन कपूर ने कहा मंच कांग्रेस लगाए, विकास पर चर्चा मैं करूंगा, अगर मंच भी नहीं लगा सकती तो हम लगाएंगे। नगर निगम विकास में भी भेदभाव हुआ है। रामनगर और श्यामनगर में ही कांग्रेस एक भी सड़क बताए, जो बनाई हो। जनसभा संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजयुमो की खनियारा से निकाली गई बाइक रैली को कोतवाली बाज़ार से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।