दिवाली पर सीएम जयराम ठाकुर ने शहीदों को लेकर की यह खास अपील, पढ़ें खबर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दीपावली पर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही जयराम ठाकुर ने एक खास अपील लोगों से की है।
धर्मशाला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दीपावली पर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही जयराम ठाकुर ने एक खास अपील लोगों से की है। जयराम ने सुंदर हिमाचल को प्रदूषण से बचाने समेत एक दीया शहीदों के नाम जरूर जलाने की अपील की है। सीएम जयराम ने ट्वीट कर प्रदेश वासियों को यह अहम संदेश दिया है।
उन्होंने लिखा है "दीपों का त्योहार दीपावली आप स्नेह व खुशियों को बांटकर मनाएं। सुंदर हिमाचल को प्रदूषण से भी बचाएं, एक दीया शहीदों के नाम जरूर जलाएं। आप सभी को दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएं। देवभूमि हिमाचल की पुण्य धरा पर मां लक्ष्मी के आशीष से सुख-समृद्धि बनी रहे, ऐसी कामना करता हूं।"
इससे पहले जयराम ठाकुर ने छोटी दीवाली शनिवार को शिमला में मनाई थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ शनिवार को बालिका आश्रम टूटीकंडी में मिठाई और फल वितरित किए। सीएम ने आश्रम में रहने वाली लड़कियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा रोशनी का यह पर्व हमें संदेश देता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। सरकार इस आश्रम के सुदृढ़ीकरण के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान करेगी। आश्रम के फर्श व अन्य मरम्मत कार्यों के लिए भी धन उपलब्ध करवाया जाएगा। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ. भावना शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।