मुख्यमंत्री जयराम बोले, पर्यटकों से कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करवाएं
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उपायुक्तों पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से महामारी के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए राज्य में आने वाले पर्यटकों द्वारा कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिमला, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ प्रदेश में कोविड-19 महामारी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को इस महामारी के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए राज्य में आने वाले पर्यटकों द्वारा कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटकों को प्रदेश में निर्बाध आवाजाही की अनुमति दी है, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में पर्यटक प्रदेश में आ रहे हैं। हालांकि प्रदेश पर्यटकों का स्वागत करता है, लेकिन साथ ही राज्य सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी पर्यटक को राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार के संबंध में जारी मानक संचालन प्रक्रियाओं का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन नहीं करने वाले पर्यटकों पर नजर रखने और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
शिमला, मनाली व धर्मशाला में पर्यटकों की भरमार
राज्य में कोविड के मामलों में लगातार गिरावट आ रही है, इसलिए पर्यटकों की संख्या में भी कई गुणा वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्य पर्यटन स्थल जैसे शिमला, मनाली, धर्मशाला आदि बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। होटल व्यवसायियों, ट्रैवल एजेंटों और होम स्टे के मालिकों को भी अपने प्रतिष्ठानों में रहने वाले पर्यटकों को कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित करना चाहिए। जिन पर्यटकों के पास मास्क नहीं हैं, उन्हें मास्क प्रदान करने के कार्य में गैर सरकारी संगठनों को सम्मिलित किया जाएगा।
विशेष पुलिस बल किए जाएं तैैनात
पुलिस को ऐसे स्थलों को चिन्हित करना चाहिए, जहां पर्यटकों की आमद अधिक है। ऐसे स्थलों में विशेष पुलिस तैनात की जानी चाहिए। राज्य में निर्मित होने वाले मातृ शिशु अस्पतालों का कार्य निधारित समयावधि पर पूर्ण कर लिया जाएगा। राज्य में आठ पीएसए आक्सीजन संयंत्र स्थापित किए गए हैं और 28 अतिरिक्त पीएसए संयंत्र शीघ्र ही स्थापित कर दिए जाएंगे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हों आक्सीजन कंसंट्रेटर का प्रविधान
जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए परीक्षण क्षमता में वृद्धि के अलावा अस्पताल में दाखिल होने पर मरीजों की देखभाल सुविधा में सुधार किए जाने चाहिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक आक्सीजन कंसंट्रेटर के प्रविधान किए जाने चाहिए। आइसीयू सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के अतिरिक्त उपकरणों की खरीद सुनिश्चित की जा रही है। आठ जुलाई, 2021 तक राज्य में लोगों को वैक्सीनेशन की 41,44,972 खुराकें दी गई हैं। कोरोना वायरस मामलों की कांटेक्ट ट्रेङ्क्षसग व सक्रिय खोज पर विशेष बल दिया जाना चाहिए।
लाहुल-स्पीति, मंडी, कांगड़ा के डीसी शिमला थे मौजूद
सभी उपायुक्तों ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि पर्यटकों और आम जनता को कोविड उपयुक्त व्यवहार के संबंध में संबंधित जिलों में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कोविड की संभावित तीसरी से निपटने की तैयारी के लिए किए गए प्रबंधों की भी जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी शर्मा, जिला मंडी, कांगड़ा व लाहुल-स्पीति के उपायुक्त शिमला में उपस्थित थे, जबकि अन्य जिलों के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने अपने-अपने संबंधित जिलों से वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।