बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का नहीं हो पाया फैसला
नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का फैसला अब 21 जनवरी को होगा। सोमवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चयन के लिए पार्षदों ने बैठक नहीं की। भाजपा नेताओं के साथ कुछ पार्षदों के फोटो जारी कर बाकायदा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के फैसले पर सुर्खियां बनाई गई थी।
बैजनाथ, जेएनएन। नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का फैसला अब 21 जनवरी को होगा। सोमवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चयन के लिए पार्षदों ने बैठक नहीं की। हालांकि दो दिन पहले भाजपा के नेताओं के साथ कुछ पार्षदों के फोटो जारी करके बाकायदा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के फैसले को लेकर सुर्खियां बनाई गई थी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो पाया।
सोमवार को एसडीएम बैजनाथ छवि नांटा ने सभी 11 पार्षदों को शपथ दिलाई। इनमें अनीता सूद, मुकेश शर्मा, रितु, आशा भाटिया, कांता देवी, अमित कपूर, बेदना कुमारी, चंपा चौधरी, विनय धीमान, राजेश कलेडी व राजन चौधरी शामिल थे। इसके बाद एसडीएम ने सभी को बैठक करने का न्यौता दिया। लेकिन कुछ पार्षद शपथ लेने के तुरंत बाद ही एसडीएम कार्यालय परिसर से चले गए। इसके बाद कुछ देर तक इंतजार किया गया, मगर कोई भी पार्षद बैठक के लिए नहीं आया। इसके बाद अब सभी पार्षदों के लिए 21 जनवरी को बैठक रखी गई है। इस बैठक में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का फैसला हो जाएगा।
इसी बीच भाजपा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की गेंद को अपने पाले में करने की कवायद शुरू कर दी है। जबकि कांग्रेस भी अंदर खाते इसमें अपनी सफलता के लिए जुटी हुई है।