अनुराग ठाकुर ने नादौन और भाेरंज में किए कई परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण, जोरदार स्वागत हुआ
Central Minister Anurag Thakur केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का नादौन पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। अनुराग ठाकुर ने नादौन अस्पताल भवन का उद्घाटन किया। स्वास्थय मंत्री राजीव सैजल एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।
हमीरपुर, जेएनएन। केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का नादौन पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। अनुराग ठाकुर ने नादौन अस्पताल भवन का उद्घाटन किया। स्वास्थय मंत्री राजीव सैजल, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे। अनुराग ठाकुर ने नादौन और भोरंज में कई शिलान्यास व उद्घाटन किए।
अनुराग सिंह ठाकुर ने वीरवार को नादौन में करीब पांच करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से निर्मित नागरिक अस्पताल के भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने यहीं से ऑनलाइन भदरोल गांव में 2 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन और साढ़े तीन लाख रुपये से बने महिला मंडल भवन बैहरड़ का भी लोकार्पण किया।
इसके बाद अस्पताल परिसर में जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को अरबों रुपये के पैकेज देकर राज्य के चहुंमुखी विकास को बहुत बड़ी रफ्तार दी है। उन्होंने बताया हिमाचल को 50 वर्ष के लिए 450 करोड़ रुपये ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया है। कैपिटल एक्सपेंडीचर के लिए 25000 करोड़ रुपये दिए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश को हाल ही में 282 करोड़ की किश्त जारी की गई है। नादौन की धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना सहित प्रदेश की कई परियोजनाओं को तेजी से मंजूरी दी गई है।