Move to Jagran APP

फतेहपुर में फतह के लिए सरकार हुई कृपाल

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कांगड़ा जिला के दौरे के पहले दिन फतेहपुर उपचुनाव के लिए रणनीति बनाई। उन्होंने नगर निगम चुनाव में जीत के लिए भी मंत्र दिया।

By JagranEdited By: Published: Sun, 14 Mar 2021 03:00 AM (IST)Updated: Sun, 14 Mar 2021 03:00 AM (IST)
फतेहपुर में फतह के लिए सरकार हुई कृपाल
फतेहपुर में फतह के लिए सरकार हुई कृपाल

दिनेश कटोच, धर्मशाला

loksabha election banner

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कांगड़ा जिला के दौरे के पहले दिन सरकार चुनावी मोड में दिखी। मुख्यमंत्री ने फतेहपुर में कई घोषणाएं कीं जो इस विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए काफी समय से लंबित थीं। सरकार ने उपचुनाव के लिए शंखनाद विकास योजनाओं के सहारे किया। मुख्यमंत्री ने कई मांगों को पूरा करते हुए कहा कि राज्यसभा के पूर्व सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृपाल परमार ने जो मांगें की थी, वे पूरी कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की सौगात देकर फतेहपुर में भाजपा की जीत का संकल्प लिया। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि यहां से उपचुनाव के लिए कृपाल परमार ही भाजपा का चेहरा होंगे। इसलिए फतेहपुर के लोग उनकी जीत सुनिश्चित करें। परमार पूर्व में भाजपा की टिकट पर इस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। शनिवार को कृपाल परमार ने रैहन में हुई जनसभा के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए जो मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, उन सभी को पूरा किया गया। जयराम ठाकुर ने जीत का मंत्र दिया कि सभी को एकजुट होकर काम करना जरूरी है। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में काफी समय से विकास कार्यो को गति नहीं मिली थी। मुख्यमंत्री ने एक दिवसीय दौरे के दौरान फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात देकर उपचुनाव के लिए कदमताल शुरू कर दी। इनमें राजा का तालाब को उपतहसील बनाने की घोषणा प्रमुख रही। मुख्यमंत्री ने रैहन में स्वर्ण जयंती ग्राम स्वराज सम्मेलन को भी संबोधित किया।

---------- धर्मशाला व पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए बनाई रणनीति

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार सुबह धर्मशाला में नगर निगम धर्मशाला व पालमपुर के चुनाव के लिए भी रणनीति बनाई। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस धर्मशाला में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर, वन मंत्री एवं नगर निगम धर्मशाला के चुनाव प्रभारी राकेश पठानिया, महामंत्री त्रिलोक कपूर सहित नगर निगम वार्ड प्रभारियों के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दोनों नगर निगम में भाजपा की जीत के लिए काम होना चाहिए। उन्होंने नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं सहित चुनाव प्रभारियों से फीडबैक ली। उन्होंने कहा कि नगर निगम धर्मशाला के विकास के लिए भाजपा आगे है। विकास कार्यो के लिए करोड़ों रुपये दिए जा चुके हैं जबकि कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल में कुछ नहीं कर पाई थी। नगर निगम पालमपुर में भी विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने दोनों नगर निगम के चुनाव प्रभारियों व पर्यवेक्षकों से आग्रह किया कि भाजपा सरकार की विकास योजनाओं को लोगों के घर द्वार तक पहुंचाएं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.