शादी का झांसा देकर घर से भगाया, पांच दिन शारीरिक शोषण करने के बाद छोड़ गया घर
पुलिस थाना क्षेत्र नूरपुर के तहत एक गांव की लड़की ने क्षेत्र के एक लड़के पर शादी का झांसा देकर पांच दिन शारीरिक शोषण करने का मामला दर्ज करवाया है।
जसूर, जेएनएन। पुलिस थाना क्षेत्र नूरपुर के तहत एक गांव की लड़की ने क्षेत्र के एक लड़के पर शादी का झांसा देकर पांच दिन शारीरिक शोषण करने का मामला दर्ज करवाया है। शनिवार शाम को युवती ने पुलिस चौकी गंगथ में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भलेटा क्षेत्र की युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि साथ लगती अगार का तालाब पंचायत के एक गांव का लड़का 27 अगस्त को उसे घर से शादी करने का झांसा देकर साथ ले गया। लड़के ने उसे 31 अगस्त तक अपने साथ विभिन्न जगह पर रखा, इस दौरान लड़के ने उसका जबरन शारीरिक शोषण भी किया।
पीडि़ता के अनुसार आरोपित 31 अगस्त को पुन: उसे उसके गांव छोड़ गया और खुद भूमिगत हो गया। अब शादी से भी आना कानी कर रहा है। झांसा देकर किए शोषण के चलते पीडिता ने इस संबंध में शनिवार को गंगथ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस द्वारा पीडि़ता का शनिवार को नूरपुर के सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है और आरोपित के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने की है।