चीन के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता, चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंककर की नारेबाजी
Protest Against China भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को गलवन में भारतीय सेना से हुई झड़प के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन किया।
जसूर, जेएनएन। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को गलवन में भारतीय सेना से हुई झड़प के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। धर्मशाला सहित संगठन जिला नूरपुर में भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चीन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नूरपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष आदर्श शर्मा के नेतृत्व में जसूर में चीन सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज हैप्पी भी मौजूद रहे। विरोध प्रदर्शन में मुख्य चौक पर गलवन घाटी में भारतीय सेना के शहीद हुए 20 जवानों के साथ हुई बर्बरता का विरोध किया गया। इसके अलावा चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका गया व भारतीय सेना के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।
पंकज हैप्पी ने कहा घाटी में सरहदों की रक्षा करते शहीद हुए सेना के जवानों पर हमें गर्व है। समूचा भारत शहीदों के परिवारों के साथ है। वहीं चीन द्वारा की गई कायराना हरकत बेहद निंदनीय प्रकरण है। इस अवसर पर उमेश चिब, हरनाम शैरी, विनय सनयाल, भवानी पठानिया, हरप्रीत संधू, अमित शर्मा, राजेश काका, राहुल कालिया, वरुण पठानिया सहित अन्य मौजूद रहे।