कृषि कानून पर कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देगी भाजपा, विधायक व पदाधिकारियों ने बनाई रणनीति
BJP Campaign केंद्र सरकार द्वारा किसान बिल के विरोध में कांग्रेस द्वारा किए दुष्प्रचार का भाजपा भी अपना जवाब देगी। भाजपा जिला संगठनात्मक की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके लिए एक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। केंद्र सरकार द्वारा किसान बिल के विरोध में कांग्रेस द्वारा किए दुष्प्रचार का भाजपा भी अपना जवाब देगी। भाजपा जिला संगठनात्मक की बैठक में यह निर्णय लिया गया। भाजपा संगठनात्मक जिला कांगड़ा के अध्यक्ष चंद्र भूषण नाग की अध्यक्षता में एक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण नाग ने मोदी सरकार द्वारा पारित कृषि विधेयकों की सराहना की व इन्हें किसान हितैषी बताया। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वह कांग्रेस द्वारा किए जा रहे भ्रामक दुष्प्रचार को लेकर किसानों और आम लोगों को इन विधेयकों की प्राथमिकताओं और विशेषताओं को बताएं।
बैठक को नगरोटा बगवां के विधायक अरुण मेहरा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा मोदी सरकार द्वारा पारित कृषि विधेयकों के दूरगामी परिणाम होंगे, इससे किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य भी मोदी सरकार हासिल करेगी। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि कांग्रेस के इस दुष्प्रचार का जवाब भी भाजपा उन्हें देगी। बैठक में जिला कांगड़ा के सभी चारों मंडलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी व जिला के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस बैठक में नगरोटा के विधायक अरुण मेहरा, कांगड़ा के पूर्व विधायक संजय चौधरी, प्रदेश भाजपा सचिव वीरेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री सचिन शर्मा व रमेश बराड़, मीडिया प्रभारी नारायण ठाकुर ने भी भाग लिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण नाग को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक का निदेशक चुने जाने पर सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।