BJP Virtual Rally: सीएम बोले, राजनीतिक लाभ नहीं बेहतरी के लिए कर रहे काम, कपूर धर्मशाला से हुए लाइव
BJP Virtual Rally यह एक संकट का भी समय था। इस वैश्विक संकट से विश्व ही नहीं देश व प्रदेश भी गुजरे हैं। हालात बिगड़े भी पर उन्हें संभाला भी गया।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। यह एक संकट का भी समय था। इस वैश्विक संकट से विश्व ही नहीं देश व प्रदेश भी गुजरे हैं। हालात बिगड़े भी पर उन्हें संभाला भी गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश आगे बढ़ रहा है। हमने प्रदेश में इस वैश्विक महामारी के दौर में भी अच्छा काम किया। लेकिन यह काम राजनीतिक लाभ लेने के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की बेहतरी के लिए किया गया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की वर्चअुल रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा प्रदेश भाजपा सरकार ने घर बैठकर आराम नहीं किया है, बल्कि सही मायनों में काम किया है। इसका यह भी उदहारण है कि लोगों से संवाद स्थापित करने में प्रदेश देश भर के राज्यों में सबसे आगे भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना की रोकथाम को लेकर उठाए कदमों को लेकर कोई भी सरकार पर उंगली नहीं उठा सकता है, क्योंकि सरकार द्वारा बेहतर ढंग से प्रभावी कदम भी पूरी इमानदारी के साथ उठाए गए हैं।
यह इस बात का भी परिणाम है कि अब प्रदेश में भी अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा एक छोटे से प्रदेश के नेता जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को आज मजबूती प्रदान की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह व जेपी नड्डा के प्रयासों का भी यह परिणाम है कि डिजिटल के माध्यम से आज प्रदेश व पूरा देश ऑनलाइन अपने कार्यकर्ताओं की नहीं बल्कि लोगों से भी जुड़ा है और उन्हें हर योजनाओं की जानकारी भी दे रहा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा लोकसभा के चुनाव में हम प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में बहुमत से जीते थे, और जीत के इसी क्रम को हमें आगे भी जारी रखना है। उन्होंने कहा प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को बहुमत मिला था और कार्यकर्ता इसी लग्न के साथ आगे बढ़ें, ताकि हम 2022 में भी एक बार फिर से पार्टी का परचम प्रदेश में लहराएं।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की वर्चुअल रैली में शिमला से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक कपूर व जवाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जनु ठाकुर मौजूद रहे। जबकि केंद्रीय स्तर पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर दिल्ली से ऑनलाइन थे।
कपूर ने धर्मशाला से किया फेसबुक लाइव
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर ने इस वर्चअुल रैली को अपने फेसबुक पेज से धर्मशाला से लाइव किया। वह शिमला में मौजूद नहीं थे पर उन्होंने अपने निवास स्थान से इस वर्चुअल रैली को लाइव किया।