कांग्रेस के आरोपाें पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया जवाब, धूमल की पट्टिकाएं हटाने की दिलाई याद
BJP Replied Congress Allegations भाजपा के राज्य अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि किसने क्या किया है हिमाचल की जनता ये जानती है। उन्होंने कहा अटल टनल रोहतांग पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना था।
शिमला, जेएनएन। भाजपा के राज्य अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि किसने क्या किया है, हिमाचल की जनता ये जानती है। उन्होंने कहा अटल टनल रोहतांग पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना था। यह सपना 3 अक्टूबर को पूरा हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल टनल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा यह राज्य के लिए गौरव की बात है। अटल टनल विश्व की सबसे ऊंची टनल बनी है, इससे हिमाचल प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। लाहुल स्पीति एवं लेह को पूरा साल सैलानी जा सकेंगे। आम लोगों को भी इसका काफी लाभ मिलेगा।
सामरिक दृष्टि से भी इसका काफी महत्व है। अटल टनल पूरे देश भर के पर्यटकों का आकर्षण का केंद्र बनी है। वहीं लाहुल-स्पीति के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने कहा कांग्रेस मर्यादा की बात करती है तो भाजपा सदा ही मर्यादा में रहकर काम करती है। कांग्रेस पार्टी क्या करती है, ये किसी से छुपा नहीं हैं, जब प्रदेश में प्रेम कुमार धूमल सरकार थी, उसके उपरांत कांग्रेस ने सत्ता में आते ही पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल की शिलान्यास पट्टिकाओं को बदलकर अपने नाम के फट्टे लगा लिए थे।