भारतीय मजदूर संघ की दोटूक: पेयजल योजनाओं से हटाए जाएं ठेकेदार के कर्मचारी Kangra News
भारतीय मजदूर संघ जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में आगे आया है।
धर्मशाला, जेएनएन। भारतीय मजदूर संघ जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में आगे आया है। संघ ने रविवार को जलशक्ति विभाग के अधीक्षक अभियंता ई. सुरेश महाजन से बैठक कर मांगपत्र सौंपा। बैठक में चार वृत्तों के अधिशाषी अभियंता धर्मशाला, पालमपुर, थुरल व शाहपुर के अलावा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा व जिला उपाध्यक्ष देसराज पठानिया मौजूद रहे। देसराज पठानिया ने बताया कि कुछ मांगों को पूरा करने का अधिकारियों ने आश्वासन दिया है।
उन्होंने मांग की है कि जो कर्मचारी ठेकेदार के तहत चलाई जा रही धर्मशाला शहर की पेयजल योजना में लगे हैं उन्हें वहां से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि पदोन्नतियां गलत तरीके से हुई हैं, वरिष्ठों के स्थान पर जूनियर को पदोन्नत किया है। पदोन्नतियों को लेकर वरिष्ठता सूची तैयार की जाए। वृत्त धर्मशाला के तहत 20-3-50 के अनुपात में मिलने वाले लाभ से वरिष्ठ कर्मचारी छूट गए हैं और जूनियर को इसका लाभ मिल रहा है।
वृत्त धर्मशाला के कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप तब दिया जाए जब सभी अनुभाग के कर्मचारियों के हस्ताक्षर हों। तभी उसको अंतिम रूप दिया जाए। सर्किल के दो वायरमैन को वरिष्ठता के आधार पर इलेक्ट्रिशियन में समायोजित किया जाए। फील्ड स्टाफ के कर्मचारियों को डाई, पाइप रैंच व फीङ्क्षटग का सामान उपलब्ध करवाया जाए। हर पंप हाउस में फर्नीचर उपलब्ध करवाया जाए व पंप ऑपरेटर को टूल बॉक्स दिया जाए। दयनीय पंप हाउसों में बिजली व्यवस्था की जाए।