बांस के उत्पादन से मजबूत होगी किसानों की आर्थिकी
संवाद सहयोगी पालमपुर जिला कांगड़ा के देहरा सुलह स्थित भेडू महादेव पंचरुखी और लंबागा
संवाद सहयोगी, पालमपुर : जिला कांगड़ा के देहरा, सुलह स्थित भेडू महादेव, पंचरुखी और लंबागांव विकास खंड के सैकड़ों किसानों ने बांस उत्पादन को स्वरोजगार का जरिया बनाने की दिशा में पहल की है। प्रदेश कृषि विभाग की राष्ट्रीय बांस मिशन योजना में किसानों ने विशेष रुचि दिखाई है। प्रदेश कृषि विभाग ग्रामीणों को बांस उत्पादन के लिए प्रेरित करने के साथ आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवा रहा है। वहीं बेरोजगारों को बांस आधारित उद्योग लगाने में आर्थिक सहायता के अलावा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। बांस का जीवन में सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्व होने के कारण देश और प्रदेश में बांस की काफी मांग है। उप निदेशक कृषि पालमपुर पीसी सैनी ने बताया कि बांस की प्रदेश और प्रदेश के बाहर अच्छी मांग है। मांग के अनुरूप बेहतर किस्म के बांस उत्पादन के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप धीमान ने बताया कि बांस को बड़ी आसानी से बंजर भूमि में उगाया जा सकता है। एक कनाल भूमि में बांस के 40 पौधे लगाए जा सकते हैं।