लाहुल के कांडू नाले में हिमस्खलन से तांदी-संसारी मार्ग बंद, पांगी व मनाली के लिए निकले लोग फंसे
Avalanche In Lahaul हिमाचल प्रदेश में माैसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश में बर्फीला तूफान चलने सहित भारी हिमपात का अलर्ट जारी किया गया है। लाहुल को पांगी से जोड़ने वाला तांदी संसारी मार्ग कांडू नाले में हिमस्खलन हुआ है।

मनाली, जागरण संवाददाता। Avalanche In Lahaul, लाहुल को पांगी से जोड़ने वाला तांदी संसारी मार्ग कांडू नाले में हिमस्खलन होने से अवरुद्ध हो गया है। सड़क बंद हो जाने से किलाड़ पांगी से मनाली आ रहे लोग किलाड़, जबकि मनाली से पांगी गए लोग उदयपुर में रुक गए हैं। सुबह करीब 10 बजे आपदा प्रबंधन ने नाले में हिमस्खलन होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही बीआरओ 94 आरसीसी की टीम सड़क बहाली में जुट गई है। हिमस्खलन अधिक होने से सड़क शाम तक बहाल होने की उम्मीद है। बीते दिनों लाहुल स्पीति में भारी हिमपात हुआ था।
अब एक बार फिर से प्रदेशभर में मौसम ने करवट बदल ली है। ऐसे में तीन दिन तक भारी हिमपात का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही बर्फीला तूफान चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्र में रह रहे लोगों को आगाह किया है। वहीं, पर्यटकों को खतरनाक स्पाट का रुख न करने की सलाह दी है।
दूसरी ओर लाहुल घाटी में हल्की बर्फ़बारी हो रही है। अटल टनल के दोनों छोर पर तीन इंच ताजा हिमपात हुआ है लेकिन फोर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही जारी है। लाहुल स्पीति प्रशासन ने भी जरूरत पड़ने पर ही फोर व्हील ड्राइव वाहनों में ही सफर करने की सलाह दी है।
एसपी लाहुल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि कांडू नाले के पास हिमस्खलन होने से तांदी संसारी मार्ग बंद हो गया है। उन्होंने बताया शाम तक सड़क बहाल होने की उम्मीद है। लाहुल घाटी में वाहनों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी।
Edited By Rajesh Kumar Sharma