Atal Tunnel Rohtang: पीएम मोदी के स्वागत के लिए चार जगह तैनात रहेंगे मंत्री, जानिए पूरा कार्यक्रम
PM Modi Inaugurate Atal Tunnel प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन अक्टूबर को सुबह 9 बजे अटल टनल के लोकार्पण के लिए हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में पहुंचेंगे और अढ़ाई बजे लौट जाएंगे। उनके साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी आएंगे।
शिमला, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन अक्टूबर को सुबह 9 बजे अटल टनल के लोकार्पण के लिए हिमाचल प्रदेश पहुंचेंगे और अढ़ाई बजे लौट जाएंगे। उनके साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत और तैयारियों को शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में अंतिम रूप दे दिया गया। प्रधानमंत्री का चार स्थानों पर स्वागत किया जाएगा, जिसके लिए मंत्रियों की ड्यूटी लगा दी है। प्रधानमंत्री मोदी सोलंग में जनसभा को संबोधित करेंगे। कोरोना के कारण रैली में दो सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन का सीधा प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों में एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। लाखों लोगों तक इसकी पहुंच पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और सरकार के वेबपोर्टल पर प्रसारण होगा। शिमला के रिज और मालरोड पर भी एलईडी स्क्रीनों पर लाइव प्रसारण होगा।
प्रधानमंत्री का चौपर सासे में सुबह 9 बजे उतरेगा और वहां पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर मौजूद रहेंगे। सासे में चौपर के न उतर पाने की स्थिति में तीन अन्य स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की है। साउथ पोर्टल पर जलशक्ति मंत्री व राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय विकास मंत्री रामलाल मार्कंडेय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी मौजूद रहेंगी।
नॉर्थ पोर्टल पर उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर, वन मंत्री राकेश पठानिया मौजूद रहेंगे, जबकि भुंतर में विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज मौजूद रहेंगे। सोलंग में गाविंद सिंह ठाकुर की अगुवाई में स्वागत होगा। मंत्रिमंडल की बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और सभी प्रबधों व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से प्रस्तुति दी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।
शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल भी रहेंगे मौजूद
अटल टनल के लोकार्पण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी सांसद व विधायक मौजूद रहेंगे।
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना
यह अटल टनल सामरिक दृष्टि से बहुत ही महत्वपूर्ण है, जब चीन ने एलएसी तक सड़क सुविधा पहुंचा दी है। ऐसे में इस अटल टनल से अब भारी बर्फबारी में लाहुल स्पीति को बारह महीने वाहनों की आवाजाही हो सकेगी। ऐसे में सीमा तक रशद सामग्री पहुंचाने में मदद मिलेगी। अभी तक बर्फबारी में लाहुल स्पीति करीब छह माह के लिए शेष विश्व से कट जाता था और केवल मौसम के साफ रहने पर हेलीकॉप्टर से ही लोगों की आवाजाही होती थी।