Arvind Kejriwal: हिमाचल में मोदी की रैली के जवाब में केजरीवाल को उतारेगी आप, उत्तराखंड से सबक लेगी पार्टी
Arvind Kejriwal Rally In Himachal प्रधानमंत्री नरेेन्द्र मोदी की 31 मई को शिमला में प्रस्तावित रैली के जवाब में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उतारेगी। पहले केजरीवाल का 30 या 31 मई का शिमला दौरा प्रस्तावित था।
शिमला, रमेश सिंगटा। Arvind Kejriwal Rally In Himachal, प्रधानमंत्री नरेेन्द्र मोदी की 31 मई को शिमला में प्रस्तावित रैली के जवाब में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उतारेगी। पहले केजरीवाल का 30 या 31 मई का शिमला दौरा प्रस्तावित था। लेकिन मोदी के कार्यक्रम के बाद अब इसमें बदलाव होगा। केजरीवाल की रैली शिमला और हमीरपुर में होगी। इन रैलियों के माध्यम से शिमला व हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों के मतदाताओं को साधने का प्रयास होगा। अरविंद केजरीवाल का मंडी में रोड शो और कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र के चंबी में रैली हो चुकी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अरविंवद केजरीवाल के हिमाचल दौरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अगर नरेन्द्र मोदी 16 जून को चंबा आएंगे, तो केजरीवाल का अगले महीने पहले सप्ताह में हमीरपुर का दौरा होगा और वह इसके तत्काल बाद शिमला आएंगे। आप के रणनीतिकारों को हिमाचल तीसरे राजनीतिक विकल्प के लिए सबसे बेहतर नजर आ रहा है। पार्टी को अपने आंतरिक सर्वे में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। बताया जा रहा है इंटरनेट मीडिया के जरिये लोग आप के प्रति आकर्षित हो रहे हैं। पंजाब में चुनाव जीतने के बाद आप को बड़ा सियासी संबल मिला है। इसी के सहारे पहाड़ में संगठन खड़ा किया जा रहा है। दावा है कि रोजाना दो से तीन हजार लोग आप में शामिल हो रहे हैं।
उत्तराखंड से सबक लेगी आप
आप का दावा है कि वह उत्तराखंड से सबक लेगी। वहां शुरुआत अच्छी हुई और पार्टी को काफी बल मिला लेकिन बाद में चुनाव प्रचार में पिछड़ गई। हिमाचल में अभी राज्यस्तरीय संगठन बहाल अथवा पुनर्गठित नहीं हुआ है। भाजपा के भय से इसे भंग कर दिया गया था।
जल्द होगा दौरा : प्रवक्ता
प्रवक्ता आम आदमी पार्टी पंकज पंडित का कहना है संगठन में रोजाना दो से तीन हजार लोग नए जुड़ रहे हैं। विधानसभा स्तर का संगठन मजबूत किया जा रहा है। राज्यस्तरीय संगठन जल्द घोषित होगा। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल का हिमाचल दौरा जल्द होगा। यह दौरा कब होगा, इस संबंध में आलाकमान बेहतर बता सकता है। हिमाचल में आप के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।