सेना में भर्ती होने के लिए पंजाब के युवाओं ने पालमपुर में बहाया पसीना, हिमाचल की इस दिन होगी भर्ती
Army Recruitment Rally palampur हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के खेल मैदान में वीरवार से टेरीटोरियल आर्मी भर्ती शुरू हो गई।
पालमपुर, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के खेल मैदान में वीरवार से टेरीटोरियल आर्मी भर्ती शुरू हो गई। मेजर डीके शर्मा ने बताया वीरवार और शुक्रवार को पंजाब के युवाओं के लिए भर्ती रैली होगी। ये प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से की जा रही है। सोल्जर, ट्रेड मैन के लिए यह भर्ती रखी गई है। आज करीब पांच सौ युवाओं ने दौड़ में अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवाई है।
हिमाचल, पंजाब,जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के युवाओं के लिए टेरीटोरियल आर्मी में भर्ती हो रही है। सोल्जर जनरल ड्यूटी के 132, क्लर्क स्टाफ ड्यूटी 4, हाउस कीपर 1, रसोइया दो, नाई एक और दर्जी का एक पद भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया 17 से 25 अक्टूबर तक होगी। 17 को सोल्जर जीडी के लिए पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, बरनाला, भठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, जालंधर, कपूरथला और लुधियाना जिले के युवा भाग ले रहे हैं।
18 को पंजाब के शेष जिलों के अभ्यर्थी भाग्य आजमा सकते हैं। 19 को हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, लाहुल स्पीति, कुल्लू और मंडी जिलों के युवा, 20 को प्रदेश के अन्य जिलों, 21 को जम्मू-कश्मीर,चंडीगढ़ और दिल्ली के युवा, 22 को हरियाणा के भिवानी, हिंद, सोनीपत और हिसार के और 23 को हरियाणा के बाकी जिलों के युवा भाग ले सकते हैं। 24 को पंजाब, हिमाचल, जम्मू कश्मीर, चंडीगढ़, दिल्ली और हरियाणा के युवाओं के लिए ट्रेडमैन की भर्ती होगी।