अम्ब पंचायत समिति के उपाध्यक्ष ने छोड़ा पद, कोरोना संकट में गरीबों की मदद न होने की कही बात
कोरोना वायरस के दौर के बीच पंचायत समिति अम्ब के उपाध्यक्ष ने पद से इस्तीफा दे दिया है।
अम्ब, जेएनएन। कोरोना वायरस के दौर के बीच पंचायत समिति अम्ब के उपाध्यक्ष ने पद से इस्तीफा दे दिया है। जनता के प्रति उदासीनता से नाराज होकर ब्लॉक समिति अम्ब के उपाध्यक्ष सुरेश मियां ने त्यागपत्र दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में ब्लॉक समिति अम्ब की पिछले दो साल की कार्यप्रणाली को भी कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी अभिषेक मित्तल के पास त्यागपत्र सौंप दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि कोरोना के दौरान स्थानीय गरीब लोगों की कोई मदद नहीं की गई। गरीब आदमी सहायता के लिए उनके पास आते रहे। लेकिन वह खुद लाचार थे, क्योंकि कहीं भी सुनवाई नहीं हो पा रही थी। ऐसे में इस पद पर बने रहना उनकी आत्मा को गवारा नहीं दे रहा था। इसलिए उन्होंने पद से त्यागपत्र दे दिया।
लेकिन यह भी सूचना है कि ब्लॉक समिति अम्ब के अन्य सदस्य सुरेश मियां की कार्यप्रणाली से खुश नहीं थे। जिसके चलते वे मियां के खिलाफ आने वाले दिनों में अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले थे, इस कड़ी में ब्लॉक समिति के 23 सदस्यों में से 20 सदस्यों ने अपना हस्ताक्षर युक्त प्रस्ताव भी विकास खंड अधिकारी अम्ब को सौंप दिया था।
उधर, विकास खंड अधिकारी ने कहा है उपाध्यक्ष का त्यागपत्र उनके पास आया है। जिसे आगामी कार्यवाही के लिए उच्च अधिकारीयों को भेजा जा रहा है।