गोंदपुर बनेहड़ा में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस जांच में जुटी
Married Women Death पुलिस थाना अम्ब के तहत गोंदपुर बनेहड़ा गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
अम्ब, जेएनएन। पुलिस थाना अम्ब के तहत गोंदपुर बनेहड़ा गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। संयुक्त लता का मनिद्र सिंह के साथ कुछ समय पहले ही विवाह हुआ था। महिला की मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल अम्ब पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके स्वजनों के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला बीमार थी व उसका उपचार स्वजनों ने घर पर ही चला रखा था।
मंगलवार रात को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिस पर स्वजनों ने घर पर ही झाड़ फूंक शुरू कर दिया। लेकिन इस झाड़ फूंक के दौरान उसकी तबीयत और खराब हो गई। इसके बाद स्वजनों ने उसे आनन-फानन में उपचार के लिए वहां के नजदीकी अस्पताल दौलतपुर चौक में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी अम्ब मनोज जम्वाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गोंदपुर बनेहड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। महिला की मौत कैसे हुई इसके कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।