अगले हफ्ते राधास्वामी अस्पताल भोटा में मिलेगा इलाज
अगले हफ्ते लोगों की सुविधा के लिए राधास्वामी चैरीटेबल हॉस्पिटल भोटा ख्
संवाद सहयोगी, भोटा : अगले हफ्ते लोगों की सुविधा के लिए राधास्वामी चैरीटेबल हॉस्पिटल भोटा खुल जाएगा। लगभग नौ महीने बाद हजारों लोगों को इलाज की सुविधा मिलेगी। मार्च महीने में अस्पताल को प्रशासन ने कोविड सेंटर बनाया था।
यहां से कोविड सेंटर को दिसंबर में आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर शिफ्ट किया गया था। इस अस्पताल में तीन जिला हमीरपुर, बिलासपुर व ऊना के लोगों को सुविधा मिलती है। यहां आंखों के आपरेशन, पथरी के ऑपरेशन, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे की सुविधा मिलती है। इस अस्पताल में रोजाना 750 से 800 के बीच ओपीडी रहती थी।
भोटा व्यापार मंडल के प्रधान सन्नी शर्मा, विनोद कतना, पवन, पंकज वर्मा, दीप कुमार चंद्रशेखर, राजेंद्र वर्मा, अनिल, राजेश, सुरजीत, शरण प्रसाद आदि ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, वित्त राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर व प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष राकेश बबली का आभार व्यक्त किया है।
उधर, इस संदर्भ में भोटा राधास्वामी चैरिटेबल के प्रशासक डा. बेली राम का कहना है व्यास से डाक्टरों की टीम का आधा स्टाफ लौट आया है। अगले हफ्ते ओपीडी शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, बड़सर के विधायक इंद्रदत लखनपाल का कहना है यह खुशी का पल है। अब बड़सर व हमीरपुर की जनता को भोटा राधास्वामी हॉस्पिटल में इलाज की सुविधा मिलेगी।