अध्यक्षों के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबले रोचक
रणवीर ठाकुर हमीरपुर नगर परिषद व नगर पंचायत चुनावों में मतदान करने का समय नजदीक
रणवीर ठाकुर, हमीरपुर
नगर परिषद व नगर पंचायत चुनावों में मतदान करने का समय नजदीक आ गया है। अब चुनाव में मतदान के लिए एक दिन शेष है। 10 जनवरी को मतदान होने के बाद मतगणना भी हो जाएगी और प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला चुनाव परिणाम आने पर होगा। जिला हमीरपुर में इस बार पहले के अध्यक्ष रहे लोग भी उम्मीदवार हैं।
नगर परिषद हमीरपुर के दो बार अध्यक्ष रहे दीप कुमार बजाज व सलोचना शर्मा के चुनावी खेल में नए प्रत्याशी उलझ गए हैं। दीप कुमार बजाज 35 वर्ष से नगर परिषद हमीरपुर में जनसेवा में जुटे हैं। दीप कुमार बजाज ने अब तक छह चुनाव लड़े हैं। दो बार अध्यक्ष व तीन बार उपाध्यक्ष पद पर कायम रहे हैं। अब दीप कुमार बजाज वार्ड नंबर चार से भाग्य अजमा रहे हैं और इनकी भाभी का अचानक निधन होने पर अब लोगों में उनके प्रति सहानुभूति भी है। सलोचना शर्मा नगर परिषद हमीरपुर की महिला अध्यक्ष रही हैं और इस बार वार्ड 10 से उन्होंने गेंद महिलाओं के पाले में फेंकी है।
सुजानपुर नगर परिषद के दो बार अध्यक्ष रहे व इस बार चौथा चुनाव वार्ड नंबर चार से लड़ रहे मनोज ठाकुर ने भी ताल ठोकी है। वे समर्थकों के साथ जनता के बीच जा रहे हैं। सबसे छोटी नगर पंचायत भोटा में सर्वजीत कौर व शरण प्रसाद दंपती दोनों ही नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर रहे हैं और इस बार भी जनता से समर्थन मांग रहे हैं। सर्वजीत कौर वार्ड एक से तथा शरण प्रसाद वार्ड पांच से चुनाव लड़ रहे हैं।
रीना देवी नादौन नंगर पंचायत से चौथा चुनाव लड़ रही हैं और इनके पति कमल कम्मी भी दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। नगर पंचायत में दो बार अध्यक्ष रही हैं और अब वार्ड चार से भाग्य आजमा रही हैं।
ये सभी अध्यक्ष के पदों पर रहे हैं तथा अब लंबा अनुभव होने के कारण आजाद व नए प्रत्याशियों से जोर आजमाइश कर रहे हैं। इनके भाग्य का फैसला रविवार को होने जा रहा है जिस पर सबकी नजर टिकी है।