राफेल पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस माफी मांगे : अनुराग
लोकसभा में पार्टी चीफ व्हिप और हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे सेना और देशवासियों की जीत बताया है।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर : लोकसभा में पार्टी चीफ व्हिप और हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे सेना व देशवासियों की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि राफेल पर कांग्रेस पार्टी द्वारा फैलाए गए झूठ और लोगों को गुमराह करने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए देश सर्वोपरि है और हम राष्ट्रीय सुरक्षा, अस्मिता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मगर इसके ठीक उलट कांग्रेस पार्टी के नेताओं और उनके अध्यक्ष ने खोखले दावों और झूठी बातें करके राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय मंचों पर देश की साख को गिराने का प्रयास किया है। फ्रांस से राफेल डील देश की सुरक्षा संबंधी एक अहम सैन्य डील है जिसे लेकर शुरुआत से ही कांग्रेस पार्टी भ्रामक प्रचार और झूठी अफवाहें फैला रही है। आज सुप्रीम कोर्ट ने राफेल डील पर कोर्ट में दाखिल सभी याचिकाएं खारिज करते हुए इसे पूरी तरह पारदर्शी और देश के हित में बताया है। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि देश को लड़ाकू विमानों की •ारूरत है और राफेल डील में तय प्रक्रिया का पालन किया गया है।
भाजपा सरकार संसद के अंदर तथ्यों के आधार पर राफेल डील पर चर्चा करने को तैयार है। दिन व समय कांग्रेस पार्टी तय कर ले। यदि राहुल गांधी को इस डील की किसी प्रक्रिया से आपत्ति थी तो वो अपने तथ्य रखने सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गए। राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद से देश की वायुसेना को मजबूती मिलेगी और खुद सेना इस खरीद का समर्थन कर रही है।