एक बार फिर आमने-सामने धूमल व राणा
जिला परिषद सदस्य के चुनाव में दो दिग्गजों की जंग में बड़े नेताओं
रणवीर ठाकुर, हमीरपुर
जिला परिषद सदस्य के चुनाव में दो दिग्गजों की जंग में बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल की पहली पसंद के सुजानपुर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैप्टन रणजीत सिंह को भाजपा ने बगेहड़ा वार्ड नंबर एक से चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा का दायां हाथ कहलाए जाने वाले लेख राज ठाकुर को कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी घोषित किया गया है।
बगेहड़ा वार्ड के इस चुनाव को यूं माना जाएगा कि एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार व विधायक राजेंद्र राणा आमने-सामने हैं। इनकी जीत इन दो नेताओं के भविष्य की इबारत भी लिखेगी।
जिला परिषद सदस्य के तौर चुनाव लड़ रहे लेखराज ठाकुर ग्राम पंचायत चलोह के धैल गांव से संबंध रखते हैं। लेखराज ठाकुर ने चलोह पंचायत से प्रधान पद का चुनाव लगातार तीन बार जीता है। रंगड़ लंबरी से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव भी जीता है। इसके अलावा जिला परिषद सदस्य चबूतरा वार्ड, पंचायत समिति सदस्य धमड़ियाणा से सहमति से पिछली बार चुने गए थे। अब सातवां चुनाव जिला परिषद सदस्य के लिए बगेहड़ा वार्ड एक से लड़ रहे हैं। अभी तक चार पंचायतें प्रचार के लिए कवर कर चुके हैं और नववर्ष पर पहली जनवरी 2021 में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
उधर, भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह पहली बार जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व में सुजानपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष रहे हैं और वर्तमान में जिला भाजपा के उपाध्यक्ष एवं वर्तमान में नादौन भाजपा मंडल प्रभारी हैं। कैप्टन रणजीत सिंह जोल पंचायत के गांव पलाही के रहने वाले हैं। अब तक चुनाव प्रचार में 12 पंचायतें कवर कर चुके हैं। 31 दिसंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं।
---------------
ये हैं 15 पंचायतें जिला परिषद बगेहड़ा वार्ड एक में
रंगड़, चलोह, थाणा धबड़ियाणा, टिहरा, डेरा, जोल, बगेहड़ा, बैरी, जंगल, खैरी, खनौली, भेरड़ा, बजरोल, कक्कड़ जंदड़ू शामिल हैं। इस वार्ड में 16 हजार के करीब मतदाता हैं जिनमें 45 प्रतिशत पुरुष और 55 प्रतिशत महिला मतदाता हैं।