भाजपा का गढ़ होने के बावजूद हमीरपुर में नहीं बन पाया बस अड्डा
प्रदेश की जयराम ठाकुर की सरकार में हमीरपुर जिला की जमकर अनदेखी हो रही है।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : प्रदेश की जयराम ठाकुर की सरकार में हमीरपुर जिला की जमकर अनदेखी हो रही है। हमीरपुर भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है और स्व. जगदेव चंद ठाकुर हमीरपुर से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं लेकिन जयराम सरकार के साढ़े चार वर्ष में एक बस अड्डा तक नहीं बन पाया है।
यह बात प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं टिकट आबंटन कमेटी के सदस्य ठाकुर सुखविदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर जनसभा में कही।
सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी के कारण कांग्रेस नेताओं को हाईकमान की ओर से पद देकर खुश करने की बात कह रहे हैं और चार कार्यकारी अध्यक्षों को बनाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा पार्टी में बड़े नेताओं की अनदेखी पर खामोश रहते हैं। कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने कांग्रेस नेताओं को जो जिम्मेदारी दी हैं उसके तहत संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया जा रहा है।
इस दौरान बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि पहली बार हमीरपुर जिला के नेता ठाकुर सुखविदर सिंह सुक्खू को बड़ी जिम्मेदारी देकर उनके हाथ मजबूत करने का निर्णय कांग्रेस हाईकमान ने लिया है। उन्होंने कहा कि सुक्खू पार्टी में कद्दावर नेता हैं तथा छात्र राजनीति से लेकर, युवा कांग्रेस व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जैसे पदों पर रह चुके हैं। प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया जाएगा। इस दौरान दौरान भाजपा के राजीव चोपड़ा व भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त दिनेश भी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र जार, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, पूर्व मंत्री रणजीत सिंह वर्मा ने भी जनसभा को संबोधित कर चुनावों में कांग्रेस को भारी जीत मिलने का दावा किया। इस दौरान फेन क्लब के अध्यक्ष डा. पुष्पेंद्र वर्मा, अधिवक्ता रोहित शर्मा, सुनील शर्मा, राम चंद्र पठानिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।