सरकार की आंखों में खटक रहे अच्छा काम करने वाले अधिकारी : सुक्खू
संवाद सहयोगी नादौन नादौन के विधायक सुखविद्र सुक्खू ने नादौन थाना के एसएचओ के तबादले पर सरक
संवाद सहयोगी, नादौन : नादौन के विधायक सुखविद्र सुक्खू ने नादौन थाना के एसएचओ के तबादले पर सरकार को घेरा। कहा हिमाचल प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ थाना के एसएचओ प्रवीण कुमार को बदलकर सरकार ने कर्मचारी विरोधी होने का प्रमाण दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बताएं कि केंद्र सरकार की सूची में स्थान पाने वाले सर्वश्रेष्ठ थाने के एसएचओ को किस मजबूरी में बदला गया। सरकार बताए कि नादौन में अच्छा कार्य कर रहे अफसरों को क्यों एक-एक कर बदला जा रहा है।
सुक्खू ने कहा एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ट्रांसफर वाइस चेयरमैन बन गए हैं। पहले उन्होंने एसडीएम किरण भड़ाना को, फिर बीडीओ पारस अग्रवाल का तबादला करवाया। अब एसएचओ प्रवीण कुमार को बदलवा दिया। प्रवीण कुमार खनन माफिया पर शिकंजा कसे हुए थे। कोरोना के दौरान उनका अब तक का काम सराहनीय रहा है। उनकी बदौलत ही नादौन थाना पूरे प्रदेश में अव्वल घोषित हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसएचओ अच्छा काम करने के कारण ही अग्निहोत्री की आंखों में खटके हुए थे। वह असामाजिक तत्वों को पूर्व विधायक के कहने पर संरक्षण देने को तैयार नहीं हुए। अग्निहोत्री ने कहा भाजपा के सत्ता में आने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन समेत अनेक विभागों में तबादला उद्योग को बढ़ावा दिया गया है। परिवहन विभाग के उपाध्यक्ष बनने के बाद उन्हें नादौन में बस डिपो खोलना चाहिए था, नई बसें शुरू करनी चाहिए थीं, लेकिन वह ट्रांसपोर्ट की जगह ट्रांसफर में व्यस्त हो गए।