घुमारवीं नाले में पांचवें दिन मिला लापता अशोक का शव
भोरंज थाना के अधीन लुद्दर महादेव पंचायत के भजलाह गांव के 38 वर्षीय अशोक
संवाद सहयोगी, जाहू : भोरंज थाना के अधीन लुद्दर महादेव पंचायत के भजलाह गांव के 38 वर्षीय अशोक कुमार का शव पांचवें दिन घुमारवीं नाले में पड़ा हुआ मिला। बुधवार से भोरंज पुलिस के कर्मचारी अशोक कुमार की जगह-जगह तालाश कर रहे थे। मोबाइल फोन की लोकेशन नाले के आसपास ही आने पर पुलिस पहले से ज्यादा और सतर्क हो गई थी। खोजी कुत्ते भी घुमारवीं नाले पर बने चैक डैम के पास कुछ होने की हरकत कर रहे थे।
रविवार को भोरंज पुलिस की टीम अशोक की तलाश के लिए बस्सी से जाहू वाया लगमन्वीं सड़क पर करीब ढ़ेड बजे जा रही थी तो घुमारवीं नाले से हवा के झोंके के साथ काफी बदबू आई। शक होने पर पूरी टीम नाले की तरफ चली गई। बदबू वाले स्थल पर टीम पहुंची तो देखा कि अशोक औंधे मुंह पड़ा हुआ है। उसके शव में कीड़े पड़ चुके थे। अशोक का शव मिलने की सूचना मिलने ही स्वजन और भारी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। शव से इतनी बदबू उठ रही थी कि वहां पर लोगों का खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। अशोक की जेब से पर्स व कुछ नकदी मिली। मंडी से फारेंसिक टीम भी मौक पर पहुंच गई। भोरंज पुलिस व मंडी की फारेसिक टीम प्रथम दृष्टया में यह मान रही है कि अशोक की मौत ढांक से गिरने से हुई है।
गौर हो कि पांच दिन पहले अशोक कुमार को बुधवार रात को साथ लगते गांव के युवक विरेंद्र कुमार के साथ घुमारवीं के शराब ठेके के पास देखा गया था और घर आती बार रास्ते में ही बाइक से उतर गया था। बस इसी जगह से ही अशोक कुमार गायब हुआ था। यहां ढांक है और अशोक इसी से नीचे गिरकर नाले तक पहुंच गया। अशोक की पत्नी, एक बेटा और बेटी है। इस बात को भी हवा मिल रही है कि कहीं शराब के नशे में अशोक कुमार को किसी ने धक्का तो नहीं दिया होगा।
भोरंज थाना प्रभारी सूरम सिंह का कहना है कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फारेंसिकटीम घटनास्थल का जायजा ले गई है। मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।