झूठ बोल राजनीति चमका रहे राहुल गांधी : अनुराग
अनुराग ठाकुर ने कहा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को तथ्यों की जानकारी नहीं हैं।
हमीरपुर, जेएनएन। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही विकास का विरोध करती रही और अभी करेगी। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ही झूठ बोलकर राजनीति चमकाने लगे हैं और उन्हें ही तथ्यों की जानकारी नहीं हैं। बुधवार हमीर भवन में पत्रकारों से बातचीत में सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें थी और उनकी बदोलत ही संसदीय क्षेत्र में विकास कार्य रोकने के प्रयास किया गया।
यही कारण है कि अब जब प्रदेश व केंद्र में भाजपा की सरकारें हैं तो रुके हुए कामों में तेजी आने पर कांग्रेस नेताओं को चिंता सताने लगी है। तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अंब से इंदौरा रेलवे स्टेशन का कार्यक्रम रुकवाने का प्रयास किया परंतु इसके बावजूद रेलवे लाइन का उद्घाटन किया गया। भाजपा वहीं घोषणा करती है जिसमें बजट हो उसी के शिलान्यास किए जाते हैं। कांग्रेस सरकारों के समय में विकास कार्यों पर पूरी तरह से विराम लगा था। मात्र झूठी घोषणाएं व शिलान्यास करके लोगों को गुमराह किया जाता था। कांग्रेस के आला नेता राहुल गांधी व सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली व अमेठी में विकास कार्यों पर पूरी तरह से विराम लगा हुआ है और अब उन्हें केंद्र की मोदी सरकार से विकास की किरण दिखने लगी।