पचास लाख से होगा कांगड़ा शहर का कायाकल्प
कांगड़ा शहर के प्रत्येक वार्ड का कायाकल्प करने के लिए नगर परिषद ने लगभग 50 लाख रूपये खर्च करने की योजना को अमलीजामा पहना दिया है।
संवाद सहयोगी, कांगड़ा : कांगड़ा शहर के प्रत्येक वार्ड का कायाकल्प करने के लिए नगर परिषद ने लगभग 50 लाख खर्च करने की योजना को अमलीजामा पहना दिया है। इसमें कुछ कार्य आरंभ हो चुके हैं। वीरवार को नगर परिषद कांगड़ा की अध्यक्ष कोमल शर्मा ने समस्त विकास कार्यो पर चर्चा की। उन्होने बताया कि नगर परिषद मैदान की रेलिग पर पेंट कार्य, पानी निकासी के लिए नालियों का निर्माण तथा बैठने के लिए बनी सीढि़यों को दुरस्त करने सहित अन्य कार्यो पर सात लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा है। मैदान के स्टेज का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। स्टेज के ड्रेसिग रूम का सुधारीकरण किया जाएगा। मैदान में आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
नप अध्यक्ष के अनुसार शहर के प्रत्येक वार्ड में 35 लाख की लागत से बुजुर्गो व बच्चों के लिए हरियालीयुक्त सैरगाहों व पार्को का निर्माण किया जाएगा। शहर में स्थापित पुराने पानी के कुओं की दशा को भी सुधारा जाएगा। मोटर पंप की सहायता से गंदे पानी को निकाल साफ पानी की व्यवस्था पर बल दिया जाएगा। वार्डो की गलियों में इंटरलॉक टाइलें बिछाई जा रही हैं। वार्ड चार में तीन लाख का कार्य पहले ही आवंटित हो चुका है। पुराना कांगड़ा के मसीहत मैदान व आसपास के क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। कांगड़ा के वार्ड नौ व चार के मध्य पटवारखाना गली का भी जीर्णोद्धार किया जा रहा है। डूंगा बाजार के पास स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास भी एक पार्क विकसित किया जायेगा। वार्ड छह में गली सहित नालियों को ठीक किया जा रहा है।