चार मंत्रियों वाले कांगड़ा में कांग्रेस का जिला परिषद उपाध्यक्ष
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : प्रदेश सरकार में जिला कांगड़ा के चार मंत्री हैं, इसके बावजूद जिला प
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : प्रदेश सरकार में जिला कांगड़ा के चार मंत्री हैं, इसके बावजूद जिला परिषद उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी की जीत हुई। विशाल चंबियाल ने प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित शेर सिंह को 15 मतों से हराया। इससे पहले उपाध्यक्ष गगन सिंह को पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद हटाया दिया गया था।
जिला परिषद उपाध्यक्ष के लिए सोमवार को पीठासीन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) कांगड़ा मस्त राम भारद्वाज ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई। सभी 55 सदस्यों ने मतदान किया। विशाल चंबियाल को कुल 55 में से 35 जबकि शेर सिंह को 20 मत मिले।
उपाध्यक्ष चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक दोपहर 12 बजे एडीएम की अध्यक्षता में शुरू हुई और करीब एक बजे जाकर कोरम पूरा हुआ। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। नामांकन भरने के लिए एक घंटे का समय दिया गया। कांग्रेस की ओर से वार्ड-52 बरंडा के पार्षद विशाल चंबियाल, जबकि भाजपा से वार्ड-47 घाटी के पार्षद शेर सिंह ने नामांकन भरा। इसके बाद मतदान करवाया गया और करीब सवा तीन बजे परिणाम की घोषणा पीठासीन अधिकारी ने की। जिसमें विशाल चंबियाल को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
------------
विशाल चंबियाल को मिले 35 मत
उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सिर्फ दो उम्मीदवार विशाल चंबियाल और शेर सिंह थे। विशाल को कुल 55 में से 35 जबकि शेर सिंह को 20 मत मिले। विशाल 15 मतों से निर्वाचित घोषित किया गया।
-मस्तराम भारद्वाज, पीठासीन अधिकारी एवं एडीएम कांगड़ा।
--------
मेरी नहीं सभी पार्षदों की जीत
चुनाव में कांग्रेस को हराने के लिए सरकार ने पूरा जोर लगाया था। चारों मंत्रियों के साथ विधायक भी एक सप्ताह से धर्मशाला में ही थे। पार्षदों ने मुझ पर विश्वास जताया है। मेरी प्राथमिकता है कि जो बजट बंद किया गया है, उसे बहाल करवाना और 15वें वित्तायोग की आने वाली टीम के समक्ष भी मामले को उठाया जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो पार्षदों के हक के लिए अनशन से भी पीछे नहीं हटूंगा।
-विशाल चंबियाल, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष जिला परिषद कांगड़ा।
------------
गगन सिंह ऐसे हटाए गए उपाध्यक्ष पद से
13 अगस्त को हुई जिला परिषद कांगड़ा की बैठक के बाद 32 पार्षदों ने उपाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा था। इस पर 27 अगस्त को बैठक बुलाई गई और उपस्थिति 43 सदस्यों से गुप्त मतदान करवाया गया। इसमें 26 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन कर गगन सिंह को उपाध्यक्ष पद से हटाया। चार सितंबर को उपाध्यक्ष चुनाव के लिए बैठक बुलाई गई थी, लेकिन कोरम पूरा न होने पर चुनाव को स्थगित कर दिया गया था।
-------------
अब तक रहे उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष,कार्यकाल
कै. नरेंद्र सिंह,23 जनवरी 1996 से 22 जनवरी 2001
प्रशोतमा मनकोटिया,5 फरवरी 2001 से 22 जनवरी 2006
उर्मिल भूरिया,23 जनवरी, 2006 से 22 जनवरी, 2011
ठाकुर जगदेव सिंह,27 जनवरी 2011 से 22 जनवरी 2016
गगन सिंह,23 जनवरी 2016 से 27 जनवरी 2018