कमजोर क्षेत्रों में पकड़ के लिए चलाएंगे जनजागरण अभियान : कुलदीप
संवाद सहयोगी धर्मशाला कांग्रेस जिन विधानसभा क्षेत्रों में लंबे समय से जीत दर्ज नहीं कर पाई है वहां जनजागरण अभियान शुरू करेगी।
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : कांग्रेस जिन विधानसभा क्षेत्रों में लंबे समय से जीत दर्ज नहीं कर पाई है, उनमें कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने के लिए जनजागरण अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत पैदल मार्च किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बेरोजगारी व महंगाई के मुद्दे पर भी आम जनता को जागरूक किया जा रहा है। प्रदेश में 22 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जिनमें कांग्रेस को लंबें समय से जीत का स्वाद नहीं मिला है। उन क्षेत्रों में मैं स्वयं जा रहा हूं।
धर्मशाला में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि उपरोक्त 22 विधानसभा क्षेत्रों में कुठलैहड़ विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं। इसमें 35 वर्ष से कांग्रेस जीत दर्ज नहीं कर पाई है। इसी तरह शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन चुनाव में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा है। इसी तरह से 20 अन्य विधानसभा क्षेत्र चिह्नित हैं। जनजागरण अभियान की शुरुआत पावंटा साहिब से की गई है। इसके बाद कसौली और बुधवार को शाहपुर में जनजागरण अभियान के तहत पदयात्रा की गई।
उन्होंने कहा कि 19 नवंबर को शिमला में कांग्रेस का बड़ा कार्यक्रम होगा जिसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला सहित पार्टी नेता संजय दत्त और गुरकीरत सिंह कोटली भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में उपचुनाव में निर्वाचित विधायकों व सांसद को सम्मानित किया जाएगा।
इसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती के कारण प्रदेश में पार्टी सदस्यता अभियान शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए उपचुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल बताया गया था। हालांकि इससे न तो केंद्र और न ही प्रदेश सरकार को कोई फर्क पड़ता है, लेकिन उपचुनाव में हुई भाजपा के हार के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम गिरे हैं, जिससे जनता ने राहत मिली है। हार के बाद अब मुख्यमंत्री को भी महंगाई दिखने के साथ सड़कों पर गड्ढे दिखने लगे हैं।