पौंग झील में बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत के बाद दहशत में लोग, चिकन और मटन से बनाने लगे दूरी Kangra News
Bird Flu Alert पौंग झील में विदेशी परिंदों की बर्ड फ्लू से मौत के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। जिला कांगड़ा में पौंग झील से सटे ज्वालामुखी व आसपास के क्षेत्र में भी लोगों को बर्ड फ्लू का भय सताने लगा है।
ज्वालामुखी, जेएनएन। Bird Flu Alert, पौंग झील में विदेशी परिंदों की बर्ड फ्लू से मौत के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। जिला कांगड़ा में पौंग झील से सटे ज्वालामुखी व आसपास के क्षेत्र में भी लोगों को बर्ड फ्लू का भय सताने लगा है। समीपवर्ती पौंग झील में मृत मिले विदेशी पक्षियों और प्रदेश सरकार व प्रशासन द्वारा जारी किए गए अलर्ट से खौफजदा लोगों ने मीट और चिकन की दुकानों से दूरी बनानी शुरू कर दी है। काफी कम संख्या में लोग आज मटन, चिकन की दुकानों में दिखाई दिए, जिससे लोगों के काम धंधे पर भी विपरीत असर पड़ना शुरू हो गया है।
ज्वालामुखी में शराब के ठेके के साथ चिकन व मटन की दुकानों से ग्राहक नदारद हो गए हैं। लोगों में भय पैदा हो गया है कि पहले कोरोना वायरस का खौफ था और अब बर्ड फ्लू का खौफ पैदा हो गया है। प्रशासन ने सतर्क रहने को कहा है और आसपास के क्षेत्रों में सफाई का ध्यान रखने के लिए कहा है। ऐसे में लोग भयभीत हो गए हैं। चुनावी बेला में जहां मटन चिकन की दावतें उड़ाई जाती हैं। लेकिन इस बार के चुनाव भी फीके नजर आने की संभावना है।
इस बार बर्ड फ्लू के भय ने प्रत्याशियों की जेबें ढीली होने से बचा दी हैं। लोग पैसे खर्च कर मुसीबत मोल नहीं लेना चाहते हैं। हालांकि सर्दियों के दिनों में मटन और चिकन ज्यादातर लोगों की पसंद होती है। लेकिन बर्ड फ्लू के भय से लोग इनको खरीदने से कतराने लगे हैं।
यह भी पढ़ें: Bird Flu ALERT: हिमाचल वन विभाग ने पड़ोसी राज्यों को जारी किया अलर्ट, कांगड़ा में पौंग झील का क्षेत्र सील