चकाचक होगा बलीर-समुन-डैक्वां सड़क मार्ग
उपमंडल इंदौरा के तहत आते बलीर-समुन-डैक्वां संपर्क सड़क मार्ग की बदहाली जल्द दूर होगी।
मुकेश सरमाल, भदरोया
उपमंडल इंदौरा के तहत आते बलीर-समुन-डैक्वां संपर्क सड़क मार्ग की बदहाली जल्द दूर होगी। यहां पर लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को सड़क को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। दैनिक जागरण ने शुक्रवार के अंक में लोगों से जुड़े इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसका संज्ञान लेते हुए खस्ताहाल मार्ग की हालत सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार सुबह नौ बजे ही जेसीबी और अन्य मशीनरी यहां मार्ग को दुरुस्त करने के लिए भेज दी। मार्ग को सुधारने का काम भी शुरू हो गया है।
उक्त मार्ग क्षेत्र के कई गांवों की भाग्यरेखा है, लेकिन इस मार्ग का अधिकांश हिस्सा अभी तक पक्का नहीं हो पाया है। बारिश के कारण उक्त कच्चा मार्ग बदहाल होकर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इससे बलीर व समुन के बाशिदों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। आवागमन के साथ लोगों को अपने घरों में भवन निर्माण सामग्री तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। यदि कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो गाड़ी को पहुंचाने में भी काफी परेशानी होती है। अब देखना यह है कि क्या विभाग उक्त मार्ग के कच्चे भाग को कोलतार से कब तक पक्का कर देता है।
स्थानीय निवासियों अंकुश पठानिया, नरेश पठानिया, लतीफदीन, अमित पठानिया व दीपक चौधरी ने विभाग से मांग की है कि जल्द यहां पर बची हुई सड़क को भी पक्का किया जाए, ताकि उनकी समस्या का समाधान हो सके।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता मोहिद्र धीमान ने बताया कि उक्त मार्ग के कच्चे भाग को सुचारू बनाने के लिए जेसीबी लगाकर कार्य शुरू कर दिया है। उक्त भाग पर कोलतार डालने के लिए डीपीआर बनाकर भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने पर कच्चे भाग को भी पक्का कर दिया जाएगा।