अनलॉक के साथ खुले विकास के दरवाजे
विकास खंड तीसा में विकास कार्यों को तेजी के साथ करवाने का लक्ष्य रखा गया है। कोरोना महामार
विकास खंड तीसा में विकास कार्यों को तेजी के साथ करवाने का लक्ष्य रखा गया है। कोरोना महामारी के दौरान कर्फ्यू व लॉकडाउन के कारण विकास कार्य रुक गए थे, लेकिन वर्तमान में सरकार द्वारा अनलॉक की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। महामारी के दौरान लोगों की मदद भी की जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं को सक्षम बनाने पर भी कार्य किया जा रहा है। यह जानकारी खंड विकास अधिकारी तीसा महेंद्र ठाकुर ने दैनिक जागरण के शकूर अहमद के साथ साझा की। पेश है बातचीत के अंश..
------------
-कोरोना काल में कर्फ्यू के कारण विकास खंड में विकास कार्यों की गति को बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं?
कोरोना महामारी के शुरुआती दौर में कर्फ्यू व लॉकडाउन होने के कारण मनरेगा सहित अन्य विकास कार्य ठप पड़ गए थे, लेकिन जब से अनलॉक प्रक्रिया शुरू हुई है, तब से विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसमें पक्का मार्ग, भूमि सुधार सहित मनरेगा के तहत होने वाले सभी प्रकार के कार्य शामिल हैं।
-मनरेगा के अलावा और किस तरह के कार्य विकास खंड में करवाए जा रहे हैं?
विकास खंड में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री एक बीघा योजना के तहत महिलाओं को विभिन्न कार्यों को करवाने के लिए करीब एक-एक लाख का लाभ दिया जाता है। इसके तहत करीब 300 स्वयं सहायता समूहों ने विभिन्न कार्यों के संबंध में आवेदन किया है। प्रत्येक समूह में करीब पांच से दस महिलाएं शामिल होती हैं। इनमें से करीब 250 महिलाओं के आवेदन एनआरएलएम द्वारा स्वीकृत कर लिए गए हैं।
-कोरोना महामारी से निपटने के लिए किस तरह से कार्य किया जा रहा है।
पंचायत स्तर पर निर्देश जारी किए गए हैं कि जो भी व्यक्ति बाहर से आता है तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दी जाए। स्वयं सहायता समूहों व संस्थाओं के साथ मिलकर लोगों को मास्क वितरण का कार्य किया गया है। साथ ही सैनिटाइजेशन का कार्य भी किया जा रहा है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि कोरोना संक्रमण से वे स्वयं को बचा सकें।
-विकास खंड तीसा के विकास को लेकर क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
मैंने हाल ही में यहां तैनाती ली है। ऐसे में पहले यहां की भौगोलिक परिस्थितियों सहित अन्य जरूरी जानकारी जुटाई जाएगी। इसके अनुरूप विकास को लेकर रणनीति तय की जाएगी। मेरा यही उद्देश्य रहेगा कि मनरेगा सहित अन्य सभी प्रकार के कार्य समय पर पूरे हो सकें, ताकि लोगों को उनका समय पर लाभ मिल सके। भूमि सुधार सहित अन्य कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाया जाएगा।