भडेला में बर्फ से जमी पाइपलाइन, पेयजल किल्लत
उपमंडल सलूणी की अति दुर्गम ग्राम पंचायत भड़ेला के करीब एक दर्जन गांवों में इन दिनों पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
संवाद सूत्र, तेलका : उपमंडल सलूणी की अति दुर्गम ग्राम पंचायत भड़ेला के करीब 12 गांवों में इन दिनों पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। पिछले दिनों क्षेत्र में हुई बर्फबारी से पानी की पाइपें दब गई हैं, जोकि अधिक ठंड होने के कारण जम चुकी हैं। ऐसे में लोगों के साथ आइपीएच कर्मचारियों की मुश्किलें भी बढ़ी हुई हैं। जिस स्थान से नचणोटी टैंक के लिए पाइपलाइन लाई गई है वहां जंगली क्षेत्र है। घना जंगल होने कारण बर्फ अभी तक पूरी तरह से नहीं पिघली है। इस कारण वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जंगल में पूरी पाइपलाइन बर्फ के नीचे होने से दिक्कतें और भी बढ़ी हुई हैं। इसके कारण पंचायत के कोटला, नाचणोटी, डुघ, गंभीर, सिलोट, हलोई, शुक्राह, दल्युंड गांवों के लोगों को पेयजल आपूर्ति करना काफी मुश्किल हो रहा है। उन्हें पानी के लिए प्राक्रतिक पेयजल स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्राकृतिक जलस्रोत भी गांव से काफी दूर हैं। इससे उनकी दिनचर्या का अधिकतर समय पेयजल आपूर्ति करने में ही व्यतीत हो रहा है। हालांकि, संबंधित विभाग ने लोगों की समस्या को सुलझाने के लिए कर्मचारियों की टीम पानी आपूर्ति बहाल करने में लगा दी गई है। इस क्षेत्र में छह से सात इंच बर्फबारी हो गई थी, जिससे पाइपलाइन दब जाने के कारण पानी की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है।
कर्मचारी सप्लाई बहाल करने में जुटे
पाइपलाइन को दुरुस्त करने में जुटे विभाग के कर्मचारियों में डोगरु राम, बैंसु राम, परस राम तथा डोगरु का कहना है कि पानी की पाइपलाइन बर्फ के नीचे होने के कारण पाइपों के अंदर पानी पूरी तरह से जम गया है, जिसके लिए पाइपों को बर्फ से निकालकर पाइपों पर आग जलाकर पाइपों के अंदर जमे हुए पानी को पिघलाने की कोशिश की जा रही है और उम्मीद है जल्द ही पानी की आपूर्ति बहाल कर ली जाएगी। विभाग पेयजल आपूर्ति बहाल करने में जुटा है। कर्मचारी जगह-जगह पाइपलाइन के नीचे आग जलाकर जमे पानी को पिघलाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि पाइपलाइन में से पानी की आपूर्ति सुचारू हो सके। विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति को बहाल करवाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
भूपेंद्र ¨सह, सहायक अभियंता आइपीएच उपमंडल भलेई।