तेलका में उप तहसील कार्यालय खुला, क्षेत्रवासी गदगद
इलाके के लोगों को अब नहीं जाना पड़ेगा ब्रंगाल या सलूणी जयराम ने जून
फोटो सहित-
राहत
इलाके के लोगों को अब नहीं जाना पड़ेगा ब्रंगाल या सलूणी जयराम ने जून माह में की थी उप तहसील कार्यालय खोलने की घोषणा
सालवां, बाड़का, सेरी, द्रेकड़ी व लिग्गा पटवार वृत आएंगे इसके अधीन संवाद सहयोगी, तेलका : उपमंडल सलूणी के अंतर्गत आने वाले तेलका क्षेत्र में उप तहसील कार्यालय का विधिवत शुभारंभ हो गया है। ऐसे में लोगों को आने वाले समय में तहसील संबंधी कार्य करवाने के लिए कई किलोमीटर लंबा सफर तय कर ब्रंगाल या सलूणी नहीं जाना पड़ेगा। 2018 में प्रदेश में जयराम ठाकुर की सरकार बनने के बाद क्षेत्र के लोगों की एक ही बड़ी मांग थी। इसे पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने 19 जून 2021 को तेलका में उप तहसील कार्यालय खोलने की घोषणा की थी। हाल ही में मुख्यमंत्री जयराम के तलेरू दौरे पर उन्होंने तेलका उप तहसील का उद्घाटन कर इसका क्रियान्वयन कर दिया। उद्घाटन की घोषणा के बाद शनिवार को तेलका उप तहसील का काम सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया। इससे लोगों को राहत मिली है।
तेलका उप तहसील के अंतर्गत पांच पटवार वृत आएंगे। इसमें सालवां, बाड़का, सेरी, द्रेकड़ी और लिग्गा शामिल हैं। इससे क्षेत्र की लगभग नौ पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। इससे पहले यहां के लोगों को तहसील संबंधी कार्यों के लिए भलेई अथवा सलूणी जाना पड़ता था। लेकिन तेलका में उप तहसील कार्यालय खुलने से लोगों को यह सुविधा यहां पर ही मिल जाएगी। उप तहसील तेलका में नायब तहसीलदार कर्म सिंह ठाकुर ने पदभार संभाला है। इससे पहले व्यापार मंडल कमेटी तेलका के अध्यक्ष व भाजपा मंडल महामंत्री देस राज बसंत, सालवां की बीडीसी सदस्य रेखा कपूर, सालवां पंचायत की प्रधान वंदना देवी, बाड़का पंचायत के प्रधान प्रहलाद देवल, मौड़ा पंचायत के उप प्रधान व्यास देव व भजोत्रा पंचायत के उप प्रधान कमलेश कपूर ने नायब तहसीलदार को बैज व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वर्तमान में उप तहसील कार्यालय को ग्राम पंचायत मौड़ा के कार्यालय के साथ खोलने का निर्णय लिया है। लोगों में परम देव ठाकुर, पूर्व प्रधान धर्म सिंह, सेवानिवृत्त सैनिक हरी सिंह, सेवानिवृत्त मुख्य अध्यापक मुस्तफा मुहम्मद, मुंसी राम तथा सुरेंद्र कुमार का कहना है कि सरकार की ओर से इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा करने से क्षेत्र के लोग खुश हैं। क्षेत्रवासियों ने इसके लिए उप तहसील कार्यालय खोलने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जिला मार्केट कमेटी के चेयरमैन डीएस ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। --------
उप तहसील कार्यालय तेलका का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इसके अंतर्गत पांच पटवार वृत आएंगे। स्टाफ पूरा होते ही सभी कार्य सुचारू रूप से शुरू हो जाएंगे।
कर्म सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार तेलका।