करवाचौथ के लिए जमकर खरीदारी कर रही महिलाएं
करवाचौथ के लिए जिले के बाजार सज गए हैं और महिलाएं जमकर खरीदारी कर रही हैं।
संवाद सहयोगी, चंबा : करवाचौथ के लिए जिले के बाजार सज गए हैं और महिलाएं जमकर खरीदारी कर रही हैं। चंबा के मुख्य बाजार सहित अन्य बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इससे कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।
करवाचौथ व्रत के दौरान पूजा में इस्तेमाल होने वाले करवा, छननी, दीये आदि की खरीदारी महिलाएं कर रही हैं। इसके अलावा कांच की लाल चूड़ियां, लहठी व चूड़ा भी खरीद रही हैं। महिलाएं करवाचौथ का व्रत रखेंगी और चांद को अर्घ्य देकर पति की दीर्घायु की कामना करेंगी। करवाचौथ पर्व पर मेहंदी लगाना शुभ माना जाता है। ऐसे में महिलाएं मेहंदी की खरीद रही हैं। कोरोना काल में शहर के मुख्य बाजार में मंदा पड़ा कारोबार अब रफ्तार पकड़ने लगा है। सुबह से शाम तक बाजार में रौनक हो रही है। लोग आभूषण व कपड़े की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इन दिनों शहर के सर्राफा बाजार, मनियारी, रेडीमेड गारमेंटस की दुकानों, बर्तन भंडार, क्लाथ हाउस व इलेक्ट्रानिक्स स्टोर संचालकों का कारोबार चमक गया है। इससे उनके चेहरे खिल गए हैं। मुख्य बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर रखना पुलिस के लिए चुनौती बन रहा है। कारोबारियों की मानें तो त्योहारी सीजन व शादियां होने से कारोबार अब गति पकड़ने लगा है। आगामी दिनों में करवाचौथ व्रत, दीपावली व भैयादूज है। इस कारण बाजार में ग्राहकों की आमद में और इजाफा होने की उम्मीद है। ग्राहकों की चहलकदमी से बाजार गुलजार होने से मंदी के दौर से छुटकारा मिलने लगा है। चंबा शहर में दो माह से बाजार में कोरोना महामारी के कारण मंदी का दौर होने से कारोबारियों के चेहरे मुरझा गए थे। उन्हें त्योहारी सीजन शुरू होने पर कारोबार के गति पकड़ने की उम्मीद थी, जो पूरी होने लगी है।